Weather Update: उत्तर भारत में ठंड से बुरा हाल, 335 रेलगाड़ियों के आवागमन में देरी, 88 ट्रेन रद्द,कई राज्य में अलर्ट जारी

Shri Mi
5 Min Read

Weather Update: रेलवे ने रविवार को कहा कि कोहरे के कारण 480 से अधिक रेलगाड़ियों की आवाजाही पर असर पड़ा है। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कोहरे के कारण करीब 335 रेलगाड़ियों के आवागमन में देरी हुई, 88 ट्रेन रद्द कर दी गईं, 31 रेलगाड़ियों का मार्ग बदलना पड़ा और 33 रेलगाड़ियों की यात्रा को गंतव्य से पहले समाप्त कर दिया गया।’’

Join Our WhatsApp Group Join Now
पश्चिमोत्तर भारत तथा निकटवर्ती मध्य एवं पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के कारण सड़क, रेल और विमान यातायात पर असर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे बहुत घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई।दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने ट्वीट किया कि जो उड़ानें कैट-3 प्रणाली के अनुरूप नहीं हैं, उन पर कोहरे का असर पड़ सकता है। यात्रियों को उड़ानों के बारे में अद्यतन सूचनाओं के लिए संबंधित एअरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
मौसम कार्यालय के अनुसार, शून्य से 50 मीटर तक दृश्यता ‘बहुत घने’ कोहरे, 51 मीटर से 200 मीटर तक ‘घने’ कोहरे, 201 मीटर से 500 मीटर तक ‘मध्यम’ कोहरे और 501 मीटर से 1000 मीटर तक दृश्यता ‘हल्के’ कोहरे की श्रेणी में आती है।

हरियाणा व पंजाब में शीतलहर, हिसार में पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस

हरियाणा और पंजाब में रविवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा तथा ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। न्यूनतम तापमान जहां पिछले एक पखवाड़े से अधिकांश स्थानों पर सामान्य से नीचे चल रहा है, वहीं अधिकतम तापमान में भी पिछले एक सप्ताह से तेजी से गिरावट आई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह हरियाणा और पंजाब में अधिकतर स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। हाल के दिनों में इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा है। इस बीच, हरियाणा का हिसार कड़ाके की ठंड वाला स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, सिरसा में भी कड़ाके की ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 3.8 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में तीन डिग्री सेल्सियस जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में, आदमपुर में कड़ाके की ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रूपनगर में भी कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.4 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.3 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 6.6 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 6.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 5.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि मोहाली में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों में चंडीगढ़ सहित हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आई है, जो अधिकतर स्थानों पर 11 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

हिमाचल, उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों से ज्यादा ठंडी रही दिल्ली, रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शनिवार को गलन भरी शीतलहर का प्रकोप रहा और राजधानी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों तथा जम्मू-कश्मीर के कुछ पर्यटन स्थलों की तुलना में भी कम है।

गलन भरी शीतलहर के कारण मध्य दिल्ली के रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राजस्थान में वनस्थली (1.7 डिग्री सेल्सियस), सीकर (एक डिग्री सेल्सियस), पिलानी (0.6 डिग्री सेल्सियस) और चुरू (0 डिग्री सेल्सियस) सहित केवल कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान औसत से काफी कम दर्ज किया गया।

लोधी रोड और आयानगर मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: दो डिग्री सेल्सियस तथा 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी भारत और देश के मध्य तथा पूर्वी हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close