राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई गई, जोधपुर में बवाल के बाद इंटरनेट बंद

Shri Mi
3 Min Read

दिल्ली।देशभर में आज (3 मई 2021) ईद धूमधाम से मनाई जा रही है। आज अक्षय तृतीया, ईद और परशुराम जयंती तीनों ही पर्व एक साथ है। वहीं राजस्थान के जोधपुर में सोमवार रात दो समुदाय के बीच झड़प हुई जिसके बाद प्रशासन ने इंटरनेट बंद कर दिया। जबकि मध्यप्रदेश के खरगोन में रामनवमी पर हुई हिंसा के बाद लगा कर्फ्यू आगे भी जारी रहेगा। राजस्थान की घटना को देखते हुए देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।ईद के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली के स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने न्यूज एजेंसी एनआई से कहा, “जामा मस्जिद और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती है। कानून व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार संपन्न हो।”

Join Our WhatsApp Group Join Now

जोधपुर में हिंसा: राजस्थान के जोधपुर में सोमवार रात हिंसक झड़प हुई जिसमें कई लोग चोटिल हो गए। दरअसल जालोरी गेट पर झंडा उतारने के बाद दूसरा झंडा लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद यह हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। विवाद को देखते हुए प्रशासन ने शहर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी है और लोगों से शांति और सौहार्द्र कायम करने की अपील की है। जालोरी गेट पर एक झंडा लगा था जिसे दूसरे समुदाय ने उतार कर अपना झंडा लगा दिया और फिर उसके बाद दो समुदायों में विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे पथराव में तब्दील हो गया और दोनों समुदाय पथराव करने लगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा, “जालौरी गेट, जोधपुर पर दो गुटों में झड़प से तनाव पैदा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को हर कीमत पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।”

वहीं मध्य-प्रदेश के खरगोन में रामनवमी पर हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था और कर्फ्यू अभी भी जारी है। प्रशासन ने ईद के मौके पर भी कर्फ्यू में छूट नहीं दी है और प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी लोग अपने घरों में रहकर त्यौहार को मनाएं। खरगोन के एसडीएम ने सोमवार को यह आदेश जारी किया। महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने मुस्लिमों से धूमधाम से ईद का त्यौहार मनाने की अपील की है। साथ ही अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह मंगलवार यानी ईद के मौके पर महाआरती का आयोजन ना करें।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close