बिलासपुर—- कांग्रेस पार्टी ने आज सम्पत्ति कर वृद्धि के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में एक होकर तिफरा नगर पालिका के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण राजेन्द्र शुक्ला ने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों पर जमकर निशाना साधा। धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने राजेन्द्र शुक्ला की अगुवाई में तिफरा नगर पालिका के घेराव के बाद बिजली कार्यालय का भी घेराव किया।
तिफरा नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संपत्तिकर वृद्धि, क्षेत्र में साफ सफाई अव्यवस्था, किसानों और मजदूरों के रोजगार समेत बिजली की आंख मिचौली को लेकर धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय और बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया।
धरना प्रदर्शन के बाद बारी बारी से कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार समेत पालिका कार्यलय और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर जहर उगला। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में साफ सफाई व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं है। जब से नगर पालिका अस्तित्व में आया है तब से आज तक क्षेत्र की जनता केवल भूगतान कर रही है। सुविधा के नाम पर उसे छला जा रहा है। राजेन्द्र ने कहा कि बिना सोचे समझे संपत्तिकर बढ़ा दिया गया। क्षेत्र में पानी निकासी की व्यवस्था तो दूर नाली तक नहीं है। बरसात में पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो जाता है।
राजेन्द्र ने बताया कि करोंड़ों का बजट तो पास हो गया है। लेकिन बजट से काम कहां हुआ है। खुद नगर पालिका अध्यक्ष को ही नहीं पता। अधिकारियों की तानाशाही से आम जनता परेशान हाल है। लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष को इस सबसे कोई मतलब नहीं है।
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि तिफरा नगर वासी बिजली की अघोषित कटौती से परेशान हैं। कभी-कभी तो क्षेत्र में रात भर अंधेरा रहता है। लेकिन बिजली कर्मचारियो को जनता के दुख दर्द से कोई लेना नहीं है। भाषण वाजी कार्यक्रम के बाद राजेन्द्र शुक्ला की अगुवाई ने शव यात्रा निकाला। नगर पालिका कार्यालय का घेराव के बाद बिजली कार्यालय का भी घेराव किया। इस मौके पर कांग्रेस ने लिखित शिकायत के साथ अपनी समस्याओं को रखा। मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
कार्यक्रम को अभय नारायण राय ने भी संबोधित किया। उन्होंने भी संपत्तिकर वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि आखिर समझ में नहीं आता कि संपत्ति कर वसूला तो जा रहा है लेकिन सेवा कहां है समझ में नहीं आ रहा है। अभय ने कहा कि सड़क की दुर्दशा से आम जनता हलाकान है। यदि सड़क नहीं बनती है तो कांग्रेस उग्र आंदोलन कर ना केवल चक्काजाम करेगी बल्कि पालिका को भी चलने नहीं देगी। राय ने कहा कि मजदूर किसान फांकामस्ती कर रहे हैं। लेकिन भाजपा के नेता गरीबों के दुख दर्द से बेखबर मौजमस्ती में डूबे हुए हैं।
कार्यक्रमको पिनाल उपवेजा ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव महेश दुबे, नेता प्रतिपक्ष शिव यादव, भगावत श्रीवास, रूक्मणी यादव,अमित यादव समेत सैकड़ों की संख्या कांग्रेसी उपस्थित थे।