बिलासपुर—अपर मुख्य सचिव एवं कृषि उत्पादन आयुक्त अजय सिंह ने आज बिलासपुर और सरगुजा संभाग के खरीफ 2015 की प्रगति एवं रबी वर्ष 2015-16 के कार्यक्रम निर्धारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दोनों संभागों में कृषि एवं इससे जुड़ी उद्यानिकी, पशु एवं मछली पालन के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। बैठक में संबंधित विभागों के राज्य स्तरीय अधिकारियों ने अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
कृषि विभाग के समीक्षा के दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि आगामी रबी के लिए बीज की जितनी मांग आई है। उसे बीज निगम समय पर उपलब्ध कराएं। ताकि किसान समय पर खेती कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में कम से कम एक-एक कृषि फार्म विकसित करें। इसके लिए स्थानीय स्तर पर जिला कलेक्टर विशेष ध्यान दें।
अजय सिंह ने धान के साथ दलहन-तिलहन को बढ़ावा देने के लिए विशेष जोर दिया। बैठक में संभागायुक्त सोनमणि बोरा ने संभाग में वर्षा की स्थिति, खरीफ फसल क्षेत्र खाद-बीज आपूर्ति और आगामी खरीफ कार्यक्रम निर्धारण के संबंध में जानकारी दी। बोरा ने संभाग के सूखाग्रस्त तहसीलों के संबंध में भी अवगत कराया। बैठक में संचालक उद्यानिकी अविनाश चंपावत, प्रबंध संचालक मण्डी बोर्ड एन.के.शुक्ल, प्रबंध संचालक विपणन संघ एस.भारतीदासन, पंजीयक सहकारिता जे.पी. पाठक, अपर संचालक कृषि एम.एस.केरकेट्टा, ने अपने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।
बिलासपुर कलेक्टर अन्बलगन पी., मुंगेली कलेक्टर डॉ. संजय अलंग, रायगढ़ कलेक्टर अलरमेर मंगई डी, जांजगीर कलेक्टर ओ.पी. चैधरी एवं कोरबा के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विलास भोसकर तथा सरगुजा कलेक्टर रीतू सेन, सूरजपुर कलेक्टर जी.आर. चुरेन्द्र, कोरिया कलेक्टर एस.प्रकाश, बलरामपुर कलेक्टर अलेक्स पाल मेनन, जशपुर कलेक्टर हिमशिखर गुप्ता ने अपने-अपने जिले के खरीफ की प्रगति एवं आगामी रबी कार्यक्रम के साथ विभिन्न कृषि गतिविधियों की जानकारी दी।