बिलासपुर—शनिचरी बाज़ार व्यापारियो से दुकानों के नियमितीकरण के नाम पर भारी शुल्क वसूलने की साजिश का शहर कांग्रेस कमेटी और पार्षद दल ने विरोध किया है । कांंग्रेस नेताओं ने निगम सरकार पर मनमानी का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार नियमितीकरण के नाम पर व्यापारियों का शोषण नहीं करने दिया जाएगा।
काग्रेस नेता पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, निगम नेता प्रतिपक्ष शेख नाजिरुद्दीन,उप नेता प्रतिपक्ष राजेश शुक्ला पार्षद दल प्रवक्ता शैलेन्द्र जायसवाल ने नगर निगम पर मनमानी का आरोप लगाया है। पहले सम्पत्ति कर के नाम पर जनता को परेशान किया गया । अब तुगलकी फरमान जारी कर व्यापारियों को परेशान करने का फैसला निगम सरकार ने किया है।जिसे किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नियमितीकरण के नाम पर शनिचरी बाज़ार व्यापारियो पर भारी शुल्क थोपने का प्लान तैयार किया गया है। दुकानों से 6 लाख से २२ लाख की वसूली होगी। बिलासपुर की जनता पहले से ही करों के बोझ से दबी है। नगर निगम सौ से लेकर दो सौ रुपए के बीच प्रति वर्ग फीट के हिसाब से दुकानों का नियमितीकरण करता रहा है। लेकिन अब दुकानों का दर कलेक्टर गाईड लाइन के अनुसार तय करने का फैसला किया है। व्यापारियो को कई गुना शुल्क जमा करना पड़ेगा। निगम प्रशासन का यह निर्णय सामान्य व्यापारियो पर भारी पड़ने वाला है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार नगर निगम प्राइवेट दुकानों का नियमितीयकरण 25 से 30 हज़ार रूपए में करता है। लेकिन व्यापारियो से सौतेला व्यवहार कर रहा है। लेकिन जिला शहर कांग्रेस कमेटी निगम के अव्यवहारिक निर्णय को व्यापारियों पर नहीं थोपने देगा। निगम को तुगलकी फरमान हर हाल मे वापस लेना होगा। यदि जरूरत पड़ी तो कांग्रेस पार्टी व्यापारियों के साथ उग्र आंदोलन भी करेगी।