बिलासपुर— पहली बार आधिकारिक धरना प्रदर्शन नेहरू चौक की वजाय देवकीनंदन चौक में किया जाएगा। कांग्रेसियों के किसान सत्याग्रह को जिला प्रशासन ने नेहरू चौक में अनुमति देने से इंकार कर दिया है। जिला कांग्रेस नेता 11 जुलाई को देवकीनंदन चौक में किसान सत्याग्रह करेंगे। बोनस, समर्थन मूल्य और खाद बीज की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेता अभय नारायण राय और शैलेन्द्र जायसवाल ने बताया कि दरअसल भाजपा सरकार कांग्रेस से डर गयी है। एसडीएम ने एक दिवसीय किसान सत्याग्रह देवकीनंदन चौक में करने को कहा है।
जिला प्रशासन ने कांग्रेसियों के किसान सत्याग्रह को नेहरू चौक में अनुमति देने से इंकार कर दिया है। शायद यह पहली बार होगा कि जिला प्रशासन ने किसी दल को नेहरू चौक में धरना प्रदर्शन की अनुमति देते हुए देवकीनंदन चौक में करने को कहा है।
शैलेन्द्र और राजेन्द्र शुक्ला ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र में धान का समर्थन मूल्य 2100 देने को कहा था। बोनस 300 रूपए देने का एलान किया था। चार साल पूरे होने को हैं बावजूद इसके किसानों से किया गया वादा अब तक पूरा नहीं किया गया। राजेन्द्र के अनुसार किसानों को खाद बीज में भारी किल्लत हो रही है। एक तरफ सरकार दावा करती है कि किसानों को खाद बीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। बावजूद इसके किसानों को दलालों के हाथों बिकना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र और प्रदेश कांग्रेस सचिव रामशरण ने बताया कि जिला प्रशासन से नेहरू चौक में किसान सत्याग्रह करने की अनुमति मांगी गयी थी। एडीशनल कलेक्टर के.डी.कुंजाम ने एसडीएम से मिलने को कहा। एसडीएम आलोक पाण्डेय ने देवकीनन्दन चौक में किसान सत्याग्रह करने को कहा है।
राजेन्द्र शुक्ला ने शासन पर आरोप लगाया है कि भाजपा नेता कलेक्ट्रेट परिसर और नेहरू चौक में प्रदर्शन कर सकते हैं। लेकिन कांग्रेस को नसीहत दी जाती है कि क्षेत्र में धारा 144 लगा है। दरअसल भाजपा नेताओं के इशारे पर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। हम पीछे नहीं हटने वाले हैं।