शहरवासियों ने किया खुले हाथ से दान.. फूड सप्लाई सेन्टर में अनाज का ढेर.. जरूरत मंदों तक पहुंचा निगम प्रशासन

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर– कोरोना वैश्विक महामारी के कारण उपजे समस्या  को निगम प्रशासन द्वारा पूरे सामर्थ्य  से निबटने का प्रयास कर रहा है। बुधवार को निगम के विभिन्न जगहों पर रुके मज़दूर और अन्य जरूरतमंदों को 2160 पैकेट भोजन उपलब्ध कराया गया। सभी 8 जोन के 1345 परिवार को राशन सामग्री घर पहुँचाया गया।
 
                कोरोना वायरस संक्रमण से शाहरवासियों को बचाने मेयर रामशरण यादव, सभापति  शेख नजीरुद्दीन और निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशन और मार्गदर्शन में निगम की टीम  दिन-रात मेहनत कर रही है। वैश्विक महामारी के कारण गरीब, असहाय और रोज कमाने खाने वाले मजदूरों के सामने भोजन जुटाने और बनाने की दिक्कतों को निगम ने गंभीरता से लिया है। निगम प्रशासन की तरफ से गरीब, असहाय और रोज कमाने खाने वाले मजदूरों के लिए भोजन व्यवस्था के साथ राशन सामग्री उपलब्ध कराया जा रहा है।
   
         बुधवार को त्रिवेणी भवन, रैन बसेरा, सिंधी कॉलोनी सामुदायिक भवन, सकरी सामुदायिक भवन, राजकिशोर नगर समुदायिक भवन और अन्य जगह रुके और जरूरतमंद लोगों को 2160 पैकेट भोजन उपलब्ध कराया गया। इसी तरह नगर निगम फूड सप्लाई सेंटर से सकरी, तिफरा, सिरगिट्टी, व्यापार विहार, सरकंडा, राजकिशोर नगर समेत सभी 8 जोन के गरीब, दिहाड़ी मजदूर, असहाय, राशनकार्ड विहीन 1345 परिवार में निशुल्क राशन सामग्री वितरण किया गया।
 
          निगम प्रशासन ने बुधवार को 43 घरों तक राशन, भोजन पैकेट, दवाइयां और अन्य जरूरत के सामानों को पहुंचाया।
 
फ़ूड सप्लाई सेंटर को मिल रहा अनाज  दान
 
शहरवासी निगम के फूड सप्लाई सेंटर को अनाज  दान देने सामने आ रहे हैं। बुधवार को शहर के लोगों ने फ़ूड सप्लाई सेंटर को 50 क्विंटल चांवल और 13 क्विंटल के अलावा  28 क्विंटल दाल दान दिया है।
close