बिलासपुर/ जांजगीर—-जांजगीर आम आदमी पार्टी नेताओं ने उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में बंधक बनाए गए जिले के मजदूरों के प्रति प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आप नेता गुरूवार से आमरण अनशन कर उत्तरप्रदेश में बंधक बनाए गए मजदूरों की सकुशल वापसी की मांग कर रहे हैं। वापसी को लेकर जिला प्रशासन की बेरूखी पर आप नेताओं ने असंतोष जाहिर किया है।
आम आदमी पार्टी युुवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भानुप्रकाश सिंह ने बताया कि मजदूरों को उत्तरप्रदेश में ईंटभठ्ठा व्यवसायी ने बंधक बनाया है। सभी मजदूर जांजगीर जिले के अण्डी के रहने वाले हैं। गोरखपुर का ईंटभठ्ठा व्यवसायी 6 परिवारों के 22 मजदूरों को बंधक बनाकर करीब 5 माह से शोषण कर रहा है। ना तो उन्हें ठीक से खाना दिया जा रहा है और ना ही मजदूरी के पैसे दिये जा रहे हैं। घर वापसी की बात करने पर मजदूरों को मारा पीटा जाता है। सभी मजदूरों के साथ जानवरों की तरह व्यवहार किया जा रहा है।
आप युवा नेता ने बताया कि पार्टी ने पीडित परिजनों के साथ जांजगीर जिला प्रशासन से बंधको को छुड़ाने की मांग की है। जब तक मांग पूरी नहीं होती है…आम आदमी पार्टी के नेता आमरण अनशन रहेंगे। आप नेता ने बताया कि आज अनशन का दूसरा दिन है।
भानुप्रकाश ने बताया कि मामले में आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री से मजदूरों को आजाद कराने की मांंग की है। जांजगीर कलेक्टर ने बंधक मजदूरों को वापस लाने टीम का गठन किया है। लेकिन टीम को अभी तक उत्तरप्रदेश नहीं भेजा गया है। इसके चलते पीड़ित परिवार के सदस्य परेशान हैं।
आप नेता ने बताया कि उत्तरप्रदेश मेंं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बंधक बनाए गए मजदूरों से संपर्क का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन मजदूरों को छुड़ाने छत्तीसगढ़ प्रशासन की कार्यवाही जरूरी है।
मामले में जांजगीर अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार से कार्यवाही को लेकर बातचीत का प्रयास किया गया। लेकिन उन्होने बात करना तो दूर उल्टा आप नेता संजय शर्मा और भानुप्रकाश चन्द्र के साथ दुर्व्यवहार किया। आप मीडिया प्रभारी ने बताया कि सुखनाथ अहिरवार की शिकायत जांजगीर कलेक्टर और प्रदेश के मुख्य सचिव से की गयी है।
गुरूवार को जांजागीर के कचहरी चौक पर आप नेता संजय शर्मा, रामगोपाल गौरहा, विनय गुप्ता, खिलेश्वर कटकवार,सरदार जसबीर सिंग, दिलदार सिंग,संजय अग्रवाल, रवि यादव,महेंद्र सिंह,सत्या पात्रे,खगेश केवट, हेमंत पटेल, सुरेन्द्र पटेल, नथराम कुर्रे, अर्जुन ठाकुर, शांत कुमार झरिया, राम प्यारे साहू, विजय शंकर, मिलन दीवान, रेशम लाल कुर्रे, अविनाश देवांगन, फूलसाय, बोधराम राठौर, सुरेश शांदिल्या, विंदेश सिंह, राम लाल हंश आदि उपस्थित थे। पीड़ित परिवारों से प्रीतम मनहर, अच्छे राम खाँड़े, रथ कुँवर, फुलेश्वरी, उमेश कुमार ने पीड़ित परिवार के साथ अनशन किया। इस दौरान आप नेताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।