रायपुर में भारतीय किसान संघ का जंगी प्रदर्शन..नेताओं ने बताया..पाराघाट किसानों का दर्द…कहा..सरकार को देना होगा 2 साल का बोनस

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—- भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार के बजट पेश होने से पहले रायपुर में बूढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर जंगी प्रदर्शन किया। किसानों ने भारतीय किसान संघ के बैनर तले सरकार के खिलाफ मांगों को लेकर आवाज बुलन्द किया। इस दौरान किसानों ने दो वर्ष का बोनस दिए जाने के साथ ही, रबी फसलों की खरीदी और  प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी की मांग को दुहराया। बुढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर लगभग 18 जिलों के किसानों ने धरना प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान संघ के बैनर तले प्रदेश के अलग अलग जिलों से पहुंचकर संगठन के नेताओं ने सरकार के बूढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर जमकर प्रदर्शन किया। धरना को अलग अलग जिलों के किसान नेताओं ने संबोधित भी किया। गरियाबंद के भुवनेश्वर साहू ने सरकार पर दोहरा चरित्र का आरोप लगाया। उन्होने बताया कि एक तरफ किसानों को बोनस दिया जा रहा है तो दूसरी तरफ गांव-गांव शराब की बिक्री कर किसानों को लूटा जा रहा है।
उपस्थित लोगों को बिलासपुर जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र दूबे ने भी संबोधित किया। किसान नेता धीरेन्द्र दुबे ने इस दौरान दर्रीघाट स्थित किसानों की बदहाली और वसुन्धरा पावर प्लान्ट की दादागीरी का जिक्र किया। उन्होने बताया कि पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित किसानों की भूमि पर वर्षों से कोई उद्योग नहीं लगा है। पावर प्लान्नट ने बड़े बड़े सपने दिखाकर औने पौने दाम पर किसानों की जमीन को हथियाया। लेकिन आज तक ना तो पावर प्लान्ट खुला और ना ही किसानों को रोजगार ही दिया गया। किसान नेता ने कहा जिस तरह लोहंडीगुड़ा के किसानों को जमीन वापस हुई। उसी तर्ज पर मस्तूरी स्थित पाराघाट समेत अन्य गांव की अधिगृहित जमीन को किसानों को लौटाया जाए। कुरुद के लालाराम चंद्राकर ने खाद की कालाबाजारी का मुद्दा उठया। नकली खाद बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को दुहराया। 
भारतीय किसान संघ अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने अधिकार रैली के मंच से प्रदेश सरकार को ललकारा। उन्होने कहा की सरकार खेतों को पानी दे, सिंचाई के साधनों की व्यवस्था करें। इस दौरान उन्होने गुलाब की पंखुड़ियों से कांग्रेस नेता के स्वागत का भी जिक्र किया।  उन्होने दुहराया कि सरकार धान तो ले रही है लेकिन पूरा नहीं । सरकार को किसानों की  रबी फसल को लेकर किसी प्रकार की चिन्ता नहीं है।
 रैली के अंत में भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने जिलों से आए किसानों को धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि हमारा एक-एक कार्यकर्ता 100 किसानों का प्रतिनिधित्व करता है। प्रदेश सरकार दो वर्ष के बोनस देने के वादे पर मुंह छिपा रही है। यदि किसानों की बात नहीं सुनी गयी तो भारतीय किसान संघ सरकार के विरोध में उग्र प्रदर्शन करेगा।
close