CG News-चुनाव के एक दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या

Shri Mi
2 Min Read

CG News/जशपुरनगर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हर्रा डांड गाँव में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या हो गई है। मृतक का नाम वृंदा राम बताया जा रहा है। मृतक बुधवार की शाम करीब 8 बजे अपने घर से बाहर निकला और सुबह-सुबह घर से कुछ दूरी पर सडक़ पर खून से लथपथ उसकी लाश मिली।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कुनकुरी थाना पुलिस मौके पर पहुँच गई है, और घटना की जांच कर रही है। कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि घटना की जाँच की जा रही है। घर के लोगों और गाँव के लोगों के बयान लिए जा रहे है। अब तक की जाँच में हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना पाकर मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज भी पहुँचे।

उन्होंने बताया कि मृतक वृंदा राम कांग्रेस का कार्यकर्ता और बूथ का प्रभारी था। यूडी मिंज ने कहा है कि घटना को कई एंगल से देखने की जरूरत है। राजनीतिक एंगल भी हो सकता है, इसलिए पुलिस को चाहिए की घटना की बारीकी से जाँच करें ताकि सही तथ्य सामने आए। 

इधर, मृतक के घरवालों का कहना है कि मृतक की किसी से कोई लड़ाई नहीं थी। गाँव के लगभग सभी लोगों से उसके मधुर संबंध थे। घरवालों को अभी तक कुछ भी अंदाजा नहीं लग पा रहा है कि ऐसा कैसे हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक जड़ी बूटी से इलाज करता था। 

बहरहाल, इस घटना को जादू टोना से भी जोडक़र देखा जा रहा है, लेकिन चूंकि कल याने 17 नवंबर को चुनाव है, और मृतक कांग्रेस का कार्यकर्ता था, इसलिए कांग्रेस इस घटना को राजनीतिक नजरिये से भी देख रही है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close