सफाई को लेकर कलेक्टर की दो टूक,व्यवस्था सुधार लें नही तो कार्यवाही,ईई ननि को शो कॉज नोटिस,एक सब इंजीनियर की रोकी वेतन वृद्धि

Shri Mi
4 Min Read

रायगढ़/ कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर निगम के काम-काज की गहन समीक्षा की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही पर कलेक्टर जमकर नाराज हुए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ नगर निगम के पास सफाई के लिए काफी बड़ा अमला है। फिर भी साफ -सफाई को लेकर शिकायतें आतीं रहती हैं। यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

हम केलो की सफाई अभियान चला रहे हैं और पता चल रहा है स्वच्छता दीदी कचरा वहां डंप कर रहे है। यह घोर आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी गंभीर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कचरे का नियमित उठाव और समुचित निपटान स्वच्छता प्रभारी की जिम्मेदारी है। अगले एक माह में शहर में व्यवस्था सुधार लें नही तो कार्यवाही के लिए तैयार रहें।

कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि नगर निगम से लोगों को पेयजल, सड़क, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नक्शा पास कराने जैसे मूलभूत सुविधाओं की अपेक्षा रहती है। ये विभाग के मूल काम हैं। इनको सही ढंग से करने की अपेक्षा शहरवासी निगम कर्मियों से रखते हैं। लिहाजा इन सभी कामों को सही तरीके से करें। जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने नगर निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारियों से कहा कि पूरी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कलेक्टर ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की सिलसिलेवार समीक्षा की। समय-सीमा के बाद भी निर्माण कार्यों के अधूरे होने पर कलेक्टर श्री सिन्हा ने जमकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आपके दायरे में सिर्फ  नगर निगम क्षेत्र के निर्माण कार्य आते हैं, उसमें भी लापरवाही कर रहे हैं, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कार्यपालन अभियंता नगर निगम को कारण बताओ नोटिस और एक सब इंजीनियर के वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य देखने वाले सभी अभियंताओं को हिदायत दी कि अपने काम का तरीका सुधार लें नहीं तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बारिश के पहले सड़क तथा दूसरे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करते चलने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्वीकृति प्राप्त उपकरणों के खरीदी में लेट लतीफी पर कलेक्टर श्री सिन्हा काफी नाराज हुए। उन्होंने प्रभारी को हिदायत देते हुए कहा कि सारा पेंडिंग कार्य जल्द पूरा कर लें और खरीदी की प्रक्रिया पूरी करें।

कलेक्टर श्री सिन्हा ने नगर निगम से नक्शा पास कराने और नियमितीकरण के संबंध में शाखा प्रभारी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नक्शा पास कराने की प्रक्रिया सुचारू रूप से चले। लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए उन्होंने सभी आर्किटेक्ट की बैठक लेने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने निगम के लंबित पेंशन प्रकरणों के भुगतान के संबध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लंबित सभी प्रकरणों का जल्द निराकरण करें।

शासन की योजनाओं से युवा मितान क्लब के सदस्यों को जोड़े
कलेक्टर ने बैठक में राजीव युवा मितान क्लब के काम काज के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्यों को निगम के विभिन्न गतिविधियों से जोड़ें। उन्होंने कहा जो क्लब ठीक से काम नही कर रहे हैं। उन्हें नियमानुसार हटा कर दूसरे लोगों को मौका दें।
सिटी बसों का नियमित संचालन करें शुरू
कलेक्टर ने सिटी बस संचालन पर भी बात की। उन्होंने अभी संचालित हो रही बसों और उनके रूट के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि बसों को ऐसे रूट में चलाएं जिनमें अधिक आवागमन हो। उन्होंने शहर से मेडिकल कॉलेज तक आने जाने के लिए सिटी बस का फेरा जल्द शुरू करवाने के लिए कहा। बसों के संचालन के मॉनिटरिंग के लिए उसमें जीपीएस लगवाने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close