MP News: 4 तहसीलों को मिला कर जिला बनाने की घोषणा

Shri Mi
4 Min Read

MP News ।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार का मऊगंज तहसील को जिला बनाने का वादा आज पूरा हो रहा है। चार तहसील मऊगंज, हनुमना, नईगढ़ी और देव तालाब को मिला कर मऊगंज प्रदेश का नया जिला होगा। आज से ही जिला बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जायेगी और आगामी 15 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा फहराया जायेगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज रीवा जिले के मऊगंज में जन-कल्याण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना 2.0 में प्रदेश के 27 हजार 310 श्रमिक परिवारों के खातों में 605 करोड़ रूपये की अनुग्रह राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री ने 738 करोड़ 92 लाख रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्याओं के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास, उपलब्धियों एवं नवाचारों पर लगाई गई प्रदशर्नी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं प्रदेश की बहनों का सौतेला नहीं सगा भाई हूँ। मैं हमेशा उनके कल्याण की सोचता रहता हूँ। एक दिन सुबह 4 बजे मेरे मन में संकल्प आया कि, मैं अपनी बहनों को राखी का उपहार दूँ और यह उपहार एक दिन नहीं, हर महीने दिया जाए। लाड़ली बहना योजना प्रदेश की बहनों को अपने भाई का उपहार है। इसके फार्म भरना 25 मार्च से शुरू हो जायेंगे और जून माह से 1000 रूपये हर महीना बहनों को मिलेंगे। इसके लिये बहनों को कहीं जाने की जरूरत नहीं है। सरकारी कर्मचारी शहर, गाँव और वार्डों में आयेंगे और फार्म भरवायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार के लिये बहन और बेटियों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश की धरती पर बेटियाँ अभिशाप नहीं वरदान हैं। बेटियों के प्रति दुराचार करने वालों के लिये फाँसी का प्रावधान है। प्रदेश में 44 लाख 20 हजार लाड़ली लक्ष्मियाँ हैं। कन्या विवाह और प्रसूति सहायता जैसी योजनाएँ चलाई जा रही हैं। मेधावी विद्यार्थी योजना में पहले लेपटाप दिया जा रहा था। साथ ही अब जो बेटी गाँव में 12वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक लायेगी, उसे ई-स्कूटी भी दी जायेगी। मेधावी विद्यार्थी योजना में उच्च शिक्षा की फीस शिवराज मामा भरवा रहा है। प्रदेश में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी में प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संबल गरीबों के कल्याण की योजना है। इसमें गरीब परिवारों को जन्म से लेकर पढ़ाई-लिखाई आदि विभिन्न प्रकार की सहायता दी जाती है। दुर्घटना में मृत्यु पर परिवार को 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और नि:शक्तता पर एक लाख रूपये सहायता दी जाती है। पूर्व सरकार ने यह योजना बंद कर दी थी और बड़ी संख्या में हितग्राहियों के नाम काट दिये थे। हमारी सरकार ने पुन: योजना शुरू कर नाम जोड़ने का कार्य भी किया है। अभी तक 13 लाख कटे हुए नाम जोड़े जा चुके हैं।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close