गणतंत्र दिवसःजेल की झांकी नम्बर वन..आदिवासी और शिक्षा विभाग को दूसरा और तीसरा स्थान…चौबे ने किया शहीदों के परिजनों का सम्मान

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
बिलासपुर—–जिले में परम्परागत उत्साह और उमंग के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। जगह-जगह शान से तिरंगा फहराया गया। मुख्य समारोह का आयोजन   जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। संसदीय कार्य, कृषि विकास मंत्री रविन्द्र चौबे ने झण्डा फहराया। संयुक्त परेड की सलामी ली। 
 
         रविन्द्र चौबे ने संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। जीप में कलेक्टर डाॅ. संजय अलंग और पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल भी सवार थे। निरीक्षण बाद चौबे ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़ा। हर्ष फायर पर पूरे राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।
 
         गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार महिलाओं के हाथों परेड की कमाण्ड थी। परेड कमांडर प्रशिक्षु डीएसपी श्रृष्टि चंद्राकर और सेेकण्ड इन कमाण्ड प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री ललिता मेहर के नेतृत्व में पुलिस विभाग व केन्द्रीय जिला जेल के बैंड की धुन पर 14 टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। 
 
सांस्कृतिक कार्यक्रम-
 
  समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने मास पीटी का प्रदर्शन किया। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर छत्तीसगढ़ के लोक जनजीवन, संस्कृति पर आधारित छात्र-छात्राओं ने  सामूहिक नृत्य पेश किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकण्डा, देवकीनंदन दीक्षित कन्या उ.मा. विद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल और सेंट जोसेफ इंगलिश हायर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नरवा, गरूवा, घुरूवा, बारी, सुआ, पंथी, राऊत नाचा, छेरछेरा, गेंड़ी नृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के लोक संस्कृति को जीवन्त पेश किया।
 
गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर प्रदर्शित की गई झांकियां – 
 
                  समारोह में 20 विभागों ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम और छत्तीसगढ़ के विकास को प्रदर्शित करती जीवंत झांकियां प्रदर्शित की गई। केन्द्रीय जेल बिलासपुर ने भव्य झांकी का प्रदर्शन कर दर्शकों को आश्चर्यचकित किया। जल संसाधन विभाग की बिलासपुर शहर में अरपा नदी के प्रस्तावित बैराज की झांकी, स्वास्थ्य विभाग का तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना को प्रदर्शित करती झांकी देखने को मिली।वन विभाग, कृषि, उद्यानिकी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, के्रडा, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, 108 योजना का एंबुलेंस, सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन और जिला पंचायत की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। 
 
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों का सम्मान
 
  समारोह में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया। नक्सली घटनाओं में शहीद  जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि रविन्द्र चैबे ने शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
 
प्रतिभागियों को पुरस्कार
 
        समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उ.मा. कन्या विद्यालय बिलासपुर, द्वितीय स्थान सेंट जोसेफ इंगलिश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने और तृतीय स्थान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा ने प्राप्त किया। मार्चपास्ट में सीनियर श्रेणी में प्रथम स्थान एन.सी.सी. सीनियर बालक दल को और द्वितीय स्थान एन.सी.सी. सीनियर बालिका को प्राप्त हुआ। परेड जूनियर श्रेणी में प्रथम स्थान एन.सी.सी. जूनियर बालक और द्वितीय स्थान बर्जेश कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला के विशेष दस्ते ने प्राप्त किया। झांकी में प्रथम पुरस्कार हर साल की भांति केन्द्रीय जेल बिलासपुर को प्राप्त हुआ। द्वितीय पुरस्कार आदिवासी विकास विभाग और तृतीय पुरस्कार स्कूल शिक्षा विभाग की झांकी को मिला। 
 
          कार्यक्रम में दो खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद पुरस्कार दिया गया। अनुष्का भगत को तैराकी में और रजनी धृतलहरे को किक बाॅक्सिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये के लिए 11-11 हजार रूपये नगद और प्रशस्ति पत्र दिया गया। उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। 
 
                 समारोह में बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय, संभागायुक्त बी.एल.बंजारे, आई.जी. पुलिस प्रदीप गुप्ता, नगर निगम महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रितेश कुमार अग्रवाल, सहायक कलेक्टर देवेश धु्रव, अपर कलेक्टर बी.एस. उईके, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा आम जनता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
 
close