बिलासपुर– प्रदेश इन दिनों बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है। जनता परेशान है। हर तरफ अविश्वास का महौल है। किसान आत्महत्या कर रहा है। सरकार को रोज नए काण्ड रचने से फुर्सत नहीं है। आने वाला हर काण्ड पिछले काण्ड से बड़ा होता है। ऐसी सूरत में सरकार किस मुंह से अपने 12 वे साल का उत्सव मना रही है। सरकार को आइना दिखाने के लिए ही कांग्रेस ने धिक्कार दिवस मनाने का निश्चय किया है। यह बातें जांजगीर चांपा के विधायक मोतीलाल देवांगन ने सीजी वाल से कही।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोती लाल देवांगन ने बताया कि पूरा प्रदेश सूखे की चपेट में है। जहां थोड़ी बहुत राहत है वहां सरकार के नुमाइंदे कर वसूली कर परेशान कर रहे हैं। पिछले 12 सालों में सरकार ने जनता को खून की आंसू रूलाया है। कभी अंख फोड़वा काण्ड तो कभी गर्भाशय कांड, कभी नसबन्दी काण्ड तो लोहण्डीगुड़ा काण्ड । हर काण्ड पुराने काण्ड से अलग और बड़े हैं। देवांगन ने बताया कि करोड़ों रूपए का धान घोटाला हुआ लेकिन सरकार टस से मस नहीं हुई । उल्टा अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
देवांगन ने बताया कि किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं। आज से पहले छत्तीसगढ़ के किसानों ने कभी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठाया। लेकिन रमन सरकार ने ऐसा करने को मजबूर कर दिया है। मंत्री नियमों को ताक पर रखकर अपनी पत्नी के लिए फर्जी परीक्षा दिलाता है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरकारी खजाने को पूंजीपतियों के लिए खोल दिया गया है।कहने को तो सरकार के पास पैसे नहीं है। लेकिन लोकसभा चुनाव में चंदा देने वालों के लिए प्रदेश सरकार के पास पैसे की कमी नहीं है।
मोतीलाल ने बताया कि प्रदेश इन दिनों प्रशासनिक आतंकवाद की दौर से गुजर रहा है। जहां देखों अफसरशाही की धमक है। आम लोगों का सांस लेना मुश्कित हो गया है। उन्होने बताया कि किसी जमाने में हम सरप्लस बिजली पैदा किया करते थे। आज हम बिजली उत्पादन में घाटे के दौर से गुजर रहे हैं। ऐसा क्यों हो रहा है। आम जनता को बताने के लिए ही पीसीसी अध्यक्ष ने धिक्कार दिवस मनाने का निर्देश दिया है।
उन्होने कहा कि जांजगीर क्षेत्र में पावर प्लांट क्षमता से कम का उत्पादन कर रहा है। बावजूद इसके सरकार को कोई खबर नहीं है। देवांगन ने बताया कि कुछ दिन पहले अधिकारियों की प्रताड़ना से जेल में जीवन लाल मनहर की मौत होती है। बाद में उसी अधिकारी ने राजेन्द्र तिवारी को मौत की मुंह में झोका। बेलटुकरी के एक भूखे युवा किसान को फांसी के फंदे तक पहुंचाने का काम रमन सरकार और उसके अधिकारियों ने किया है।
कांग्रेस विधायक ने बताया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। मनरेगा मजदूरों का कई सालों से भुगतान नहीं हुआ है। बोनस की राशि अभी तक नहीं मिली है। समर्थन मूल्य मिलेगा भी या नहीं अता-पता नहीं है। ऐसी सरकार को हम धिक्कारने के अलावा कर ही क्या सकते हैं। जहां की जनता दुखी हो वहां राजा चैन से कैसे बैठ सकता है। लेकिन ऐसा हो रहा है। धिक्कार है ऐसी सरकार पर जिसे भ्रष्टाचार का काण्ड लिखने से फुर्सत नहीं है।
जांजगीर विधायक ने दावा कि इस बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। सरकार भी समझ चुकी है। इसलिए वह अपनी गंदी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। उसे अच्छी तरह से मालूम है कि हम कुछ भी कर लें लेकिन जनता 2018 में कांग्रेस को ही सत्ता सौंपेगी। इसलिए प्रदेश सरकार ने जनता को परेशान करने के लिए आतंक को हथियार बनाया है।