रायपुर। राज्य शासन ने जशपुर और बलरामपुर के कलेक्टरों को हटाया है। जशपुर में दिव्यांग बच्चियों के साथ रेप और छेड़छाड़ की घटना को सरकार ने गंभीरता से लिया है। बीती रात कलेक्टर और पुलिस कप्तानों को निर्देश दिया गया था कि वह हॉस्टलों का लगातार निरीक्षण करें और कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ निलंबन के साथ एफ आई आर दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। 27 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार जशपुर कलेक्टर महादेव कांवरे को विशेष सचिव जल संसाधन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। वही 2012 बैच के आईएएस रितेश कुमार अग्रवाल को कलेक्टर बीजापुर से कलेक्टर जशपुर बनाया गया है।
साथ ही 2013 बैच के इंद्रजीत सिंह चंद्रभान जो कलेक्टर बलरामपुर रामानुजगंज थे।उन्हें उप सचिव संस्कृति और पर्यटन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। 2013 बैच के राजेंद्र कुमार कटारा अपर कलेक्टर जिला रायगढ़ को कलेक्टर बीजापुर बनाया गया है। साथ ही 2014 बैच की आईएएस कुंदन कुमार जो कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा थे। उन्हें कलेक्टर जिला बलरामपुर रामानुजगंज पदस्थ किया गया है।