बिलासपुर—आज बिलासपुर की पहचान देश के स्वच्छ शहरों में शुमार है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम एक बार फिर जीतने जा रहें हैं। यह बातें मंत्री और भाजपा प्रत्याशी अमर अग्रवाल ने दक्षिण मंडल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कही।
करीब 500 से अधिक कार्यकर्ताओं को संबोधित कर अमर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश में अनेक कल्याणकारी विकास कार्य हुए है। देश और राज्य की दशा-दिशा बदली है। देश में बिलासपुर का नाम व्यवस्थित और स्वच्छ शहरों में गिना जाता है। कामकाजी बहनों के लिए प्रदेश का पहला वर्किंग वुमन हाॅस्टल,प्रदेश का पहला अपशिष्ट प्लांट बिलासपुर में ही है। पहला स्पोर्टस ट्रेनिंग सेंटर भी बिलासपुर में है। व्यवस्थित परिवहन और सड़क विकास के नजरिए से बिलासपुर में अभूतपूर्व काम हुए हैं।
मंत्री ने कहा कि गर्व की बात है कि देश के 100 स्मार्ट शहरों में बिलासपुर का नाम है। शहर की दो सडकों को स्मार्ट सड़क के रूप में बनाया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना,उज्ज्वला योजना,सौभाग्य योजना, आयुष्मान योजना समेत राज्य की कई कल्याणकारी योजनाओं से गरीबों की जिन्दगी में क्रांतिकारी बदलाव आया है। अमर ने कहा पूरा विश्वास है कि जनता एक बार फिर सेवा का अवसर देगी।
अग्रवाल ने पन्ना प्रमुखों को उनके दायित्व और प्रबंधन की बारीकियों को समझाया। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व ने कार्यकर्ता पदाधिकारियों मे से ही विधानसभा चुनाव के लिये साफ-सुथरी छवि के लोगों को टिकट दिया है। कांग्रेस का काम नारेबाजी करना है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी विकास के लिए काम करती हैं। विपक्ष टिकट और वोटों के समीकरण में उलझे है। उनके राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने स्वयं कहा है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में हर सीट में प्रॉब्लम है। इससे जाहिर होता है कि कांग्रेस में नेतृत्व का संकट है। भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व जनता तय करती है। पन्ना समिति के सभी सदस्य एक बार फिर एकजुट होकर ना केवल दायित्वों का निर्वहन करेंगे। बल्कि प्रदेश में चौथी बार सरकार भी बनाएंगे।