केन्द्र सरकार की झूठ का करें पर्दाफांश..प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा…60 दिनों के काम को जन तक पहुंंचाएं…

BHASKAR MISHRA
6 Min Read
 बिलासपुर— प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे ने आज कांग्रेस कार्यालय में जिले के सभी संगठन पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होने कहा कि भूपेश सरकार की 60 दिनों की काम काज की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुचांए। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचकर केन्द्र सरकार के झूठ को बेनकाब करें। अपने युवा साथी अटल श्रीवास्तव को भारी मतों से जीताकर दिल्ली भेजें। केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनाकर जिले के साथ प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करें।
                      लोकसभा चुनावों के मद्देनजर जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि  कांग्रेस के अग्रिम पंक्ति के नेताओं सहित सभी प्रदेश, जिला, ब्लॉक के पदाधिकारी एवं निर्वाचित पार्षद, जिला पंचायत सदस्यों को अपने बूथ पर कांग्रेस को आवश्यक रूप से जीत दर्ज करानी होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिसकी समीक्षा रिपोर्ट चुनाव उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस को सौंपी जाएगी।
       2 अप्रैल को लोकसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल शामिल होंगे।
     सभी ब्लॉकों में 26 मार्च से 1 अप्रैल तक बैठक आयोजित की जाएगी।
 जिला कांग्रेस की उक्त बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे एवं लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव, तखतपुर विधायक रश्मि सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी विशेष रूप से उपस्थित थे।
                              छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ मंत्री रविंद्र चौबे ने आज कांग्रेस कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। चौबे ने उपस्थित कांग्रेसियों को संबोधित भी किया। उन्होने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आप सभी को आपके बीच का साथी कार्यकर्ता और ऊर्जावान नेता अटल श्रीवास्तव को बिलासपुर लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। आप सभी की जिम्मेदारी बनती है कि बिलासपुर क्षेत्र की आवाज को दिल्ली में बुलंदी के साथ रखने के लिए अटल श्रीवास्तव को भारी मतों से जिताएं।
                             रविन्द्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा से सभी लोग परिचित हैं। कार्यकर्ताओं के प्रयास से ही कांग्रेस पार्टी को विधानसभा चुनाव में दो तिहाई सीट हासिल हुई। जीत के अभियान को बिलासपुर की प्रतिष्ठा पूर्ण विजय के साथ जारी रखना है। बिलासपुर जिले में विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन के कलंक को भी हर कार्यकर्ताओं को मिटाना है। सभी पदाधिकारियों और जिम्मेदार कांग्रेसियों से अपील है कि आप सब तकनीकी तौर पर पुख्ता तैयारी कर चुनाव के समर में उतर जाएं। बिलासपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत का पताका फहराकर दिल्ली में सरकार बनाने में मदद करें।
                           रविन्द्र चौबे ने कहा कि हमें राज्य सरकार की 60 दिनों की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाना है। भाजपा की मोदी सरकार ने जिस तरह जनता को छलने का काम किया है उसे बेनकाब भी करना है। बूथ के हर कार्यकर्ताओं को मजबूती के साथ खड़े रहना है।
भाजपा विरुद्ध जनता का चुनाव
                प्रदेश कांग्रेस महामंत्री लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने भी बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया। अटल ने कहा कि लोकसभा का चुनाव भाजपा विरुद्ध जनता का चुनाव है। आप सभी को मिलकर ना केवल भारतीय जनता पार्टी के षड़यंत्र को बेनकाब करना है। बल्कि भाजपा की करनी और कथनी को मजबूती के साथ जनता के सामने रखना भी है। अटल ने कहा कि खुशी है कि आप लोगों का स्नेह मेरे साथ है। भाजपा के लगभग 23 वर्षों के झूठ और फरेब को उजागर करना है। बिलासपुर क्षेत्र के विकास को नए आयाम तक पहुंचाना है।
भूपेश का एतिहासिक कदम
                तखतपुर विधायक रश्मि सिंह ने कहा कि लोकसभा में हम अधिक शक्तिशाली और सामर्थ्यवान होकर सामने आए हैं। हमारे पास 60 दिनों में हर वर्ग के कल्याण के लिए किए गए कार्य है। किसानों के लिए भूपेश बघेल ने ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इसके अलावा प्रदेश की एक एक जनता हमारे साथ है।
प्रस्ताव पर सामुहिक मुहर
                                 बैठक में जिला पदाधिकारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, ब्लाक अध्यक्षों की उपस्थिति में सभी कांग्रेस नेताओं को अपने अपने बूथ पर विजय दिलाने के लक्ष्य का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने जिले के प्रत्येक ब्लॉक में लोकसभा चुनावों को लेकर बूथ, सेक्टर, जोन के पदाधिकारियों की बैठक 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच करने का निर्देश दिया।
                         बैठक की जानकारी देते हुए महामंत्री और प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक और शहर अध्यक्षों ने बैठक में अपनी बातों को गंभीरता के साथ रखा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने लोकसभा चुनावों को लेकर तैयार रणनीति को सबके सामने रखा। ब्लॉक पदाधिकारियों को सेक्टर प्रभारी बनाने का निर्देश दिया।
close