बिलासपुर–कांग्रेस से बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने कोटा विधानसभा के कोटा, बेलगहना, रतनपुर में बूथ, सेक्टर, जोन समेत संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लिया। अटल ने चुनाव को आजादी की दूसरी लड़ाई बताया। कार्यकर्ताओं से इतिहास रचने की अपील भी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी समेत अन्य नेताओं के साथ संगठन की महत्वपूर्ण बैठकों के बाद अटल श्रीवास्तव बिल्हा ब्लाॅक के दगौरी में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
मंगलवार को कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने कोटा बेलगहना,रतनपुर का दौरा कर जोन, सेक्टर, बूथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया। कांग्रेस से बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने कहा कि वक्त बदलाव का है। सभी को मिलकर जुमलेबाज सरकार को कुर्सी से हटाना है। देश को विकास की नई दिशा देना है।
संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अटल ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान ला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, विभोर सिंह, अरूण सिंह चैहान, प्रमोद नायक समेत ब्लाॅक अध्यक्ष आदित्य दीक्षित, संदीप शुक्ला, विरेन्द्र साहू, आनंद जायसवाल भी मौजूद थे।
कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य में भूपेश बघेल की अगुवाई में मात्र 60 दिनों के अन्दर खुशहाली का वातावण तैयार हुआ है। सरकार ने जनघोषणा पत्र में किए गए कमोबेश सभी वायदों को पूरा कर दिखाया है। अटल ने कहा कि 60 दिनों में कांग्रेस सरकार ने जो कहा सो किया। जबकि मोदी सरकार ने 60 महीनों में प्रतिवर्ष करोड़ों को रोजगार, 15 लाख का खातों में आना, कश्मीर में धारा 370 का हटाना, काला धन लाने का वायदा कर केवल जुमला परोसा है। नोटबंदी, गब्बर सिंह टेक्स के माध्यम से जनता की कमर तोड़ने और ध्यान भटकाने का कार्य किया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा विधानसभा में कांग्रेस को दो तिहाई जीत का श्रेय जुझारू कार्यकर्ताओं को जाता है। केशरवानी ने कहा कि हमें आरएसएस और भाजपा के षड्यंत्रों और अफवाहों का जवाब महात्मा गांधी के सत्य अहिंसा के रास्ते पर चलकर देना है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने बताया कि कोटा विधानसभा के तीनों ब्लाॅक के बैठक के बाद लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव शाम को दगौरी में होली मिलन समारोह में भी शामिल हुए। ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद दिवाकर ने साथियों के साथ प्रत्याशी का स्वागत किया। बिल्हा ब्लाॅक में कांग्रेस की ऐतिहासिक विजय का संकल्प लिया।