बिलासपुर—कोनी स्थित आईटीआई के सामने एक सभा को संबोधित करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने किसान न्याय पदयात्रा को हरी झण्डी दिखाकर प्रस्थान किया। तय समय से करीब 2 घंटे देर से पहुंचे भूपेश ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चाउर वाले बाबा की अब पोल खुल चुकी है। किसानों और मजदूरों को लगातार छला जा रहा है। सभा को पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने भी संबोधित किया।
जिले में पांच चरणों में होने वाले जिला कांग्रेस कमेटी की किसान न्याय पदयात्रा को आज भूपेश बघेल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। पदयात्रियों को रवाना करने से पहले भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी की पदयात्रा से किसानों मजदूरों और बेरोजगारों को बताया जाएगा कि किस तरह प्रदेश सरकार उनके साथ छलवा कर रही है। भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव को बीते दो साल होने वाले हैं। अभी तक ना तो किसानों को समर्थन मूल्य दिया गया है और ना ही बोनस। बघेल ने कहा कि प्रदेश की सरकार तानाशाह हो चुकी है। आम जनता बिजली की आंख मिचौली से परेशान है। प्रदेश में सूखे के हालात हैं। लेकिन उन्हें हर तरफ हरियाली दिखाई दे रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि स्थानीय बेरोजगारों की नौकरी छीनकर बाहर के लोगों को नौकरी बांटने का रमन सरकार षड़यंत्र कर रही है। स्वास्थ्य विभाग में नर्स के पद पर अब बाहर के लोग काम करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी की इस पदयात्रा के जरिए रमन की करनी और कथनी को आम जनता के सामने लाया जाएगा।
पदयात्रियों को पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने भी संबोधित किया। उपस्थित लोगों को अपने संबोधन में करूणा शुक्ला ने बताया कि प्रदेश को किसानों मजदूरों और बेरोजगार युवकों को अब अपने अधिकार के लिए खड़ा होना पड़ेगा। करूणा शुक्ला ने कहा कि चाउर वाले बाबा के बहकावे में किसी को आने की जरूरत नहीं है। दरअसल बाबा ने पूरे प्रदेश को उद्योगपतियों के हाथों गिरवी रख दिया है।
सभा को संबोधित करने के बाद भूपेश बघेल ने कांग्रेस के झण्डे को उठाकर लोगों का स्वागत किया। उन्होंने सभी पदयात्रियों को उत्साहित कर रवाना किया।
इस मौके पर कई कांग्रेसी पेड़ की छांव में आराम करते भी नजर आए। भूपेश बघेल के देरी से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। कार्यक्रम को बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक,प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव,प्रवक्ता अभय नारायण राय,वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेष गफ्फार ने भी संबोधित किया। पदयात्रा का पहला पड़ाव रतनपुर होगा। क्रार्यक्रम में शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, आशीष सिंह ठाकुर, अर्जुन तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे।