झाड़फूक के नाम पर नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़..बैगा ने किया कपड़ा उतारने को मजबूर..फरार आरोपी गिरफ्तार

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—- नाबालिग को झाड़फूक के दौरान कपड़ा उतारने को मजबूर करने वाले बैगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सिलपहरी औद्योगिक क्षेत्र से पकडा गया है। आरोपी सुरेन्द्र पटेल को पुलिस ने हिरासत में लेकर ज्यूडिशियल रिमाण्ड पर जेल दाखिल करा दिया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                  सिरगिट्टी पुलिस से हासिल जानकारी के अनुसार नाबालिग किशोरी ने थाना पहुंचकर बताया कि बैगा ने झाड़फूक के नाम पर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया है। प्रार्थिया ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसकी बड़ी बहन किसी को जानकारी दिए बिना घर से गायब हो गयी। इसके कारण परिवार के सदस्य काफी परेशान है। इसी दौरान उसकी भी तबीयत खराब हो गयी।

                    बड़ा भाई उसको ठीक कराने धूमा गांव से एक बैगा को झाड़फूक करने के लिए लाया। घटना 16 नवम्बर की है। रात्रि करीब आठ बजे बैगा घर में आया। उसे लेकर एक कमरे में चला गया। और भाई और पिता को कमरे से बाहर रहने को कहा। दरवाजा खुला था लेकिन परदा लगा हुआ था।

                        बैगा सुरेन्द्र ने उसे जमीन पर बैठाया। कुछ दूरी पर वह भी सामने बैठ गया। मंत्र पढ़कर बारी बारी से वह एक एक और दो दो चावल का दाना खाने को दिया। कुछ देर बाद वह नजदीक आ गया। उसने फ्राक उठाने को कहा। जब उसने बैगा के कहने पर कुछ ऊपर फ्राक भी उठाया। इसके बाद उसने चैन खोल दिया। और कपड़ा उतारने को कहा। इसी दौरान उसने गलत नीयत से शरीर और अन्य अंगो पर हाथ फेरने लगा। जब इसका विरोध किया तो उसने कहा कि इससे वह जल्दी ठीक हो जाएगी।

                     प्रार्थिया ने जानकारी दी कि इसके बाद वह भागने लगी। उसने हाथ पकड़ लिया। उसने इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने नाबालिग किशोरी की शिकायत पर अपराध दर्ज आरोपी को तत्काल पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान खबर पाते ही आरोपी फरार हो गया।

                 सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार इस दौरान आरोपी की लगातार पतासाजी की गयी। आरोपी को सिलपहरी औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल किया। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354ख, 506, पाक्सो एक्ट 7,10 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया गया ।

close