छत्तीसगढ़ में चक्रवाती बारिश..मुख्यमंत्री बघेल ने कलेक्टर,SP को दिए यह निर्देश

Shri Mi
3 Min Read

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में आज सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। इस चक्रवाती बारिश को देखते हुए शासन-प्रशासन भी अलर्ट पर आ गया है। सुबह से हो रही बारिश से आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों के कई इलाकों में जलभराव की भी समस्या होने लगी है। वहीं गंगरेल बांध पूरी तरह से भरने के कगार पर है जिसके कारण वहां के गेट को खोल दिया गया है। अब बाढ़ और अन्य प्रकार की समस्याओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन समेत सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अलर्ट रहने के निर्देश दिए है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चक्रवाती बारिश को देखते हुए सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और नगरीय निकायों को सतर्क रहने के दिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन संबंधी सभी उपाय सुनिश्चित करने को कहा है। अंदरुनी ओडिशा के ऊपर और चक्रीय चक्रवात का घेरा और प्रबल हो जाने के कारण प्रदेश में सरगुजा संभाग को छोडकर शेष संभागो के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निचले और संभावित प्रभावित इलाकों में आपदा प्रबंधन दल को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावितों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। नदी नालों के जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसकी जानकारी नियमित रूप से कंट्रोल रूम में दी जाए। जहां भी जलभराव और बाढ़ की स्थिति निर्मित हो सकती है वहां पूर्व से ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाए।

भवनों में अस्थाई राहत शिविर व्यवस्था करेंः सीएम बघेल

मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से कहा है कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में नजदीक के भवनों में अस्थाई राहत शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन बल सहित प्रभावित जिलों के जिला पुलिस बल, होमगार्ड, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग, लोक निर्माण, खाद्य विभाग, नगरीय निकायों आदि के अधिकारियों को भी सचेत एवं सतर्क रहने को कहा है।

सरगुजा को छोड़ सभी संभागों में भारी बारिश

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि, चक्रीय चक्रवाती घेरा अन्दरूनी ओडिशा के ऊपर और ज्यादा प्रबल हो गया है। इसके कारण प्रदेश में सरगुजा संभाग को छोडकर शेष संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है ।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close