Old Pension Scheme: अब मंत्रालय में भी शुरू होगा पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन, कर्मचारी भरेंगे संकल्प पत्र

Shri Mi
3 Min Read

Old Pension Scheme-मंत्रालय में भी अब पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आंदोलन शुरू होगा। इसके लिए मंत्रालयीन कर्मचारी संकल्प पत्र भरेंगे। सोमवार को पुरानी पेंशन बहाली संघ और मंत्रालयीन कर्मचारियों की एक संयुक्त बैठक हुई। मंत्रालय परिसर में आयोजित इस बैठक में सबकी सहमति से निर्णय लिया गया कि पूरे देश में और मध्यप्रदेश में चल रहे पुरानी पेंशन बहाली (OPS) आंदोलन को मंत्रालयीन कर्मचारियों द्वारा पुरजोर समर्थन दिया जायेगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

इस बैठक में बड़ी संख्या में मंत्रालयीन एनपीएस कर्मचारियों ने भागीदारी की। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष और प्रवक्ता मंत्रालयीन कर्मचारी संघ राजकुमार पटेल ने बताया कि यहां निर्णय लिया गया है कि 05 फरवरी को भोपाल में होने वाले पुरानी पेंशन महाकुंभ में मंत्रालय के सभी एनपीएस कर्मचारी शत प्रतिशत संख्या में उपस्थित रहेंगे। इसी के साथ मंत्रालय में जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन की शाखा गठित की जाएगी जो राष्ट्रीय और प्रादेशिक संगठन से जुड़ी रहेगी।

प्रादेशिक गतिविधियों में सहयोग देने के अलावा मंत्रालय स्तर पर पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष के चरण तय किये जाएंगे‌। सीट टू सीट जाकर कर्मचारियों से पुरानी पेंशन के संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे, यह निर्णय भी लिया गया।

सोमवार को हुई बैठक में पुरानी पेंशन बहाली संघ के प्रांतीय अध्यक्ष परमानन्द डेहरिया और संरक्षक सुधीर नायक उपस्थित थे। परमानन्द डेहरिया ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन के बारे में जानकारी दी और 5 राज्यों में पुरानी पेंशन बहाली में मिली सफलता की कहानी बताई। सुधीर नायक ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए मंत्रालय स्तर पर संघर्ष की आवश्यकता पर जोर दिया। इन्होने मध्यप्रदेश में भी पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को और तेज करने एवं उसमें मंत्रालय की सहभागिता के महत्व को बताते हुए सभी से इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

पुरानी पेंशन बहाली संघ के सदस्य डी के सिंगौर और शालिकराम चौधरी ने भी संबोधित किया। मंत्रालय के कर्मचारी नेता आशीष सोनी, राजकुमार पटेल, आनंद भट्ट, अरुण सोमकुंवर, अनिल मंडलोई, प्रियंक श्रीवास्तव ने भी बैठक को संबोधित किया। कर्मचारी नेता संतोष बड़ोदिया, ठाकुरदास प्रजापति, नरेश धौलपुरिया, मतीन खान, विक्रम बाथम भी यहां उपस्थित रहे।

TAGGED:
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close