बिलासपुर—प्रदेश सरकार विकास के नाम पर बिलासपुर वासियों के हितों से खिलवा़ड़ कर रही है। पिछले चार सालों में बिलासपुर की खेल संस्कृति को पूरी तरह से बरबाद कर दिया है। करोड़ों की लागत से बना जिला खेल परिसर आज जिस हालत में उसे देखकर बहुत ही तकलीफ होती है। कांग्रेस नेताओं का अपने हितों के अलावा किसी की चिन्ता नहीं है। यह बातें भाजपा के दिग्गज नेता और छत्तीसगढ के पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कही। खेल परिसर की बदतर स्थिति को देखते हुए अमर ने कहा बिलासपुर के हितों के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। करोड़ों की लागत से तैयार खेल परिसर की स्थिति इतनी बदतर हो जाएगी इसकी सपने में भी कल्पना नहीं थी।
पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने आज समर्थकों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सरकन्डा पार खेल परिसर के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इसके पहले अमर अग्रवाल ने खेल परिसर की मुआयना भी किया। खेल परिसर की दुर्दशा देखकर दुख भी जाहिर किया।
पूर्व मंत्री ने धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होने कहा पिछले 8 साल से पीएम मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार देश में खेलों को अत्यधिक बढ़ावा दे रही है। केन्द्र सरकार खेलों का बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना विकास के लिए योजनाएं चलाई जा रही है। देश भर में खेलो इंडिया केंद्र खोलने का प्लान तैयार किया जा रहा है।लेकिन छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं।
अमर ने बताया विकास की परिकल्पना पर आधारित छत्तीसगढ़ राज्य स्व.प्रधानमंत्री अटल बिहारी की देन है।बिलासपुर में रेलवे का जोन ,एनटीपीसी की सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर पर आधारित बिजली उत्पादन संयंत्र, अपोलो अस्पताल मेडिकल कॉलेज,राजस्व बोर्ड का नया मुख्यालय,सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय एवं अन्य संस्थान भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में स्थापित हुए। बिलासपुर को राष्ट्रीय मानचित्र में पहचान मिली।
राज्य बनने के बाद अरपा पार सरकंडा में एसईसीएल के मुख्यालय के सामने इण्डोर हॉल, दो बैंडमिंटन वुडन कोर्ट, जिम हॉल, तरण ताल 25×50 मी., दो कमरे, 8 वॉशरूम, 500 दर्शक क्षमता वाले जिला खेल परिसर का निर्माण 7 करोड़ की लागत से किया गया। लेकिन आज खेल परिसर अव्यवस्था और बदहाली का शिकार हो चुका है।
अमर ने बताया कि खेल परिसर का मैदान अब खेत बन चुका है। जिम, बैडमिंटन कोर्ट में अंधेरा छाया है।जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना तो दूर खेल परिसर का बुनियादी ढांचा ही टूट गया है। उन्होने बताया कि इंडोर खेलों के साथ आउटडोर खेलो के लिए शहर में एक सर्व सुविधा युक्त व्यवस्थित खेल परिसर का शुभारंभ भाजपा शासनकाल में किया गया। आज खेल परिसर खेलने लायक नहीं रह गया है।
पूर्व मंत्री ने कहा उचित रखरखाव खेल खिलाड़ियों और खेल संघों के सहयोग से प्राइम लोकेशन पर स्थित खेल परिसर को सर्व बसे सर्वश्रेष्ठ बनाया जा सकता था। लेकिन कुछ ही सालो में खेल विभाग ,निर्माण एजेंसी,अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलभगत से जिला खेल परिसर की हालत खस्ता हो चुकी है। खिलाड़ी तो दूर बच्चे भी यहां से परहेज करने लगे है।
सरकार ने खेल परिसर को चरौती बना दिया है। गौठान से ज्यादा आवारा मवेशी खेल परिसर में नजर आते हैं। नशाखोरी करने वाले अपने मंसूबों को अंजाम देते हैं। कबड्डी और बॉस्केटबॉल ,वॉलीबॉल के मैदान तो आज तक नहीं बन पाए। सरकंडा के रहवासी यहां सुबह पैदल भी नहीं चल सकते है। जिम और बैडमिंटन कोर्ट में गंदगी है। सामान गायब हैं। खेल सामग्री की खरीदी में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। स्टेडियम जर्जर होने लगा है। मैदान को संवारने से लेकर सुविधा, संसाधन और अधोसंरचना विकसित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
अमर अग्रवाल ने बताया विधायक विधायक निधि का पैसा शहर के विकास खर्च नहीं हो रहा है। बिलासपुर को स्मार्ट सिटी के लायक विकसित होने की क्षमता भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में मिली। कांग्रेस कार्यकाल में स्मार्ट सिटी बदरंग हो रही है। राजीव मितान क्लब के माध्यम से खेलों का राजनीतिकरण हो रहा है।
खेल अधोसंरचना के विकास के लिए राज्य सरकार की पहल नाकाफी हैं।छत्तीसगढ़ ओलंपिक के नाम पर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने का काम किया गया है। अमर ने जोर देकर कहा कि 6 माह बाद भाजपा की सरकार आने वाली है। ,अधूरे कार्यो को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
धरना में रामदेव कुमावत जिला अध्यक्ष भाजपा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जयश्री चौकसे युवा मोर्चा प्रभारी दीपक सिंह युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष निखिल केसरवानी एवं राजेंद्र भंडारी विश्वजीत ताम्रकार, रवि सिंह, नवीन उभरानी,रोमिल मौर्या, तुषार साव,सागर यादव,आलोक वर्मा,वैभव गुप्ता,अभिषेक प्रभाकर,मोनू रजक,नितिन छाबड़ा,रोहित मिश्रा,पंकज तिवारी, रंगा नाथम,विभा गौरहा,सीमा पांडे,दीपशिखा साहा,सुनीता चौधरी,रजनी पटेल,आरती वर्मा,पूजा सारथी,माया पमनानी,रीना गोस्वामी, लाला भाभा,नवाब अली, अमित तिवारी, सरताज अली, अथर्व मिश्रा,अशोक राजपुत,विकास यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदाधिकारी गणों ने शिरकत किया।