हाईस्कूल मैदान का कागज पर हुआ जमकर विकास…शराबियों ने स्टेडियम को बनाया मयखाना..होते शाम छलकता है जाम…सिस्टम मौन

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
रामानुजगंज(पृथ्वी लाल केशरी)–नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 06 में स्थित हाई स्कूल ग्राउंड में इन दिनों शराबियों का मयखाना बन गया है।  शराब पीकर खुलेआम बोतल फेंक दिया जा रहा है।  बावजूद इसके संबंधित विभागों का ध्यान समस्या की तरफ नहीं है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर की व्यवस्था ढाक के तीन पात जैसी है।
रामानुजगंज का मात्र इकलौता स्टेडियम खेलने वालों से कम शराब पीने वालों से भरा पड़ा रहता है। इसके चलते स्टेडियम में खेलने जाने वाले खिलाड़ियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शराबी बीच मैदान में ही क्रिकेट पिच पर बैठकर शराब पीते हैं और इसके बाद पिच पर ही बोतल छोड़ देते है।कई शराबी तो मैदान के अंदर ही शराब की बोतल को फोड़ देते हैं। जिससे खिलाड़ियों को कई बार चोट का सामना करना पड़ा है। इस बात को लेकर खिलाड़ियों में काफी नाराजगी है। सुबह-सुबह स्टेडियम घूमने जाने वाले लोगों को भी शराब की बोतलों की वजह से कई बार परेशानियों से दो चार होना पड़ता है। 
सार्वजनिक स्थानों पर नहीं कर सकते शराब का सेवन
विधान कहता है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करना सख्त मना है। इसके बाद भी लोग खुले आम शराब पी रहे हैं। दरअसल ऐसे लोगों पर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई नहीं होने से शराबियों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ सार्वजनिक जगहों पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़ा होना लाजिम है। गर्मी का मौसम हो या ठण्डी का या फिर बरसात ही क्यों ना हो…लेकिन शराबियों का मयखाना स्टेडियम में जम जाता है। यह जानते हुए भी कि नगरवासी  सुबह और  शाम स्टेडियम में टहलने जाते हैं। लेकिन शराबियों का इससे कोई लेना देना नहीं।  यद्यपि नगर वासियों ने समस्या को कई बार पुलिस और प्रशासन के सामने रखा। लेकिन शराबियों पर इस बात का कोई फर्म नहीं पड़ा है। और ना ही पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई ही हुई है।
नपा उपाध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
नगर पंचायत रामानुजगंज के पूर्व उपाध्यक्ष शैलेष कुमार गुप्ता ने नगर की बिगड़ी कानून व्यवस्था के बारे में सवाल उठाते हुए लोकल व्हाट्सएप ग्रुप में फोटो शेयर किया है। उन्होने चिंता जाहिर करते हुए रामानुजगंज का एकमात्र खेल मैदान हाई स्कूल है। मैदान में  चारों तरफ शराब की खाली बोतलों का अंबार लगा हुआ है। शाम 8 बजते ही दर्जन से अधिक स्टेडियम की सीढ़ियों और मंच कब्जा कर शराब पीना शुरू कर देते हैं। इसके बाद जहां तहां बोतलों फोड़कर चले जाते हैं। जबकि सुबह मैदान में सभी आयु वर्ग के लोग मार्निंग करने आते है। खिलाड़ी लोग प्रैक्टिस भी करत हैं। कांच से कई बार आम जनता से लेकर खिलाड़ी घायल हो चुके हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं होने से आम जनता में जमकर आक्रोश है।
स्टेडियम बना कमाई का जरिया
नगर पंचायत रामानुजगंज क्षेत्र के वार्ड नंबर 06 में स्थित हाई स्कूल ग्राउंड को विकास के नाम पर स्टेडियम का नाम दिया गया है।  2003 से लेकर स्टेडियम के जीर्णोधार का नगर पंचायत ने कई बार  प्रस्ताव लाया। लेकिन सारे प्रस्ताव…प्रस्ताव बनकर रह गए। हाईस्कूल मैदान 20 साल से बद से बदतर स्थित तक पहुंच गया है। कमोबेश सभी अध्यक्षो के कार्यकाल में स्टेडियम विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ है । नगर की जनता इस बात को भली-भांति जान रही है।
कागजों पर विकास
जानकारी देते चलें कि विपक्षी नेता और खिलाड़ी बरसात के मौसम में  हाई स्कूल मैदन धान रोपा का भी अभियान चलाया। लेकिन प्रशासन ने कमोबेश किसी बी विरोध को गंभीरता से नहीं लिया। मामले में सत्ता पक्ष का कहना है कि हमने नगर का चहुंमुखी विकास किया है। लेकिन आम जनता का तो य़ही मानना है कि विकास तो जरूर हुआ है लेकिन कागजों पर।
close