मरवाही की जनता परिवर्तन को तैयार.. मातृशक्ति सम्मेलन में बोले भाजपा नेता..यहीं से निकलेगी परिवर्तन की बयार

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
जीपीएम...मरवाही विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को मातृ-शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा  मातृ-शक्ति मरवाही के राजनीतिक समर से प्रदेश में महापरिवर्तन का शुभारंभ करेगी। 
 
                      मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि मरवाही के विकास की सूत्रधार मरवाही की मातृशक्ति बनेगी। अहम् वक्त मरवाही में बदलाव लाने का है। इसके लिए हमें मातृशक्ति का हमें आशीर्वाद व समर्थन चाहिये। साय ने कहा कि प्रदेश की सरकार सबको धोखा देकर सत्ता सुखा भोगने में लगी है। जनविरोधी सरकार को ज़वाब देने की जरूरत है। यहां आदिवासी महिला के साथ जो मामला सामने आया है, उस पर पर्दा डालने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। कांग्रेस भय को विस्तार देने वाला दल है।
 
           पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री और संसद सदस्य  सरोज पांडेय ने कहा कि कांग्रेस  की सरकार ने सत्ता में आने बाद जो वादा किया था उसे पूरा करने में पुरी तरह  से असफल है। कांग्रेस के पास अपना प्रत्याशी भी नहीं है। मरवाही को बाहरी प्रत्याशी दे रहे है। डॉ. पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास के नाम पर गिनाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है। प्रदेश में हमारी सरकार थी तो वह सबके विकास को समर्पित रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हम सबके समग्र विकास के लिये तन्मयता से जुटे हैं। हम सबको प्रधानमंत्री मोदी को मज़बूत करने की ज़रूरत है। 
 
                        केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस जिन वादों के साथ सत्ता में आई थी, सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। इस विकास के नाम पर सत्ता के आनन्द में डूबी प्रदेश की सरकार को अब ज़वाब देने का वक़्त आ गया है। वनवासियों का भरोसा भी यह सरकार खोती जा रही  है। प्रदेश में केंन्द्र की योजनाओं का लाभ आमजनों को नहीं मिल रहा है। सभा को रायगढ़ की भाजपा संसद सदस्य गोमती साय ने भी संबोधित किया। महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास और महिला विरोधी है । सरकार को ज़बाव देने की ज़रूरत है।
 
         भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि जब भी मातृ-शक्ति संकल्प भाव से जुट जाये तो बदलाव होकर ही रहता है। हमको 2023 में सत्ता परिवर्तन के लिये अभी जुटना है। मरवाही का यह उपचुनाव हमारे उस संकल्प पूर्ति का शुभांरभ है। यहां से मातृशक्ति की एकजुटता से विजय जरूर होगी। भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह ने कहा कि मैं अपनी बहनों से मरवाही के विकास के लिये के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं। मैं आपका भाई मरवाही के विकास के साथ बहनों के सम्मान के लिये काम करूंगा। 
TAGGED:
close