देवास मे गरजे ज्योतिरादित्य सिंधिया,जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की पोल खोलेंगे

Shri Mi
3 Min Read

देवास-केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज कहा कि हाल में संपन्न संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों का आचरण संसदीय मर्यादाआें के अनुरूप नहीं रहा और जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए आम जनता को इसी सच्चायी से अवगत कराया जाएगा।
राज्यसभा सांसद सिंधिया ने मालवांचल के प्रमुख शहर देवास में यात्रा प्रारंभ करने के दौरान सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी नवनियुक्त मंत्रियों का सदन में औपचारिक रूप से परिचय कराना चाहते थे। लेकिन विपक्ष ने ऐसा नहीं होने दिया। इसके अलावा विपक्षी सदस्यों ने लगातार हंगामा कर संसदीय मर्यादाओं के विपरीत आचरण किया, जिसके चलते संसद की कार्यवाही सुचारू ढंग से नहीं चल सकी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के इन कार्यों से श्री मोदी डरने वाले नहीं हैं सिंघिया ने कहा कि विपक्षी सदस्यों ने महत्वपूर्ण विषयों पर संसद में चर्चा नहीं होने दी। कुछ सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप उन स्थानों पर भी पहुंच गए, जहां पहुंचना वर्जित रहता है। इसलिए श्री मोदी ने यह तय किया है कि स्वतंत्रता दिवस के बाद केंद्र सरकार के सभी मंत्री देश के कोने में जाएंगे और जनता का आशीर्वाद लेकर विपक्ष की इन करतूतों के बारे में जानकारी देंगे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

श्री सिंधिया ने बताया कि देश में पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में 11 महिलाओं को शामिल किया गया। मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति के 12, अन्य पिछड़ा वर्ग के 27 और अनुसूचित जनजाति के 8 सदस्यों को शामिल किया गया है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सिर्फ इन वर्गों के विकास संबंधी बातें करती हैं। भाजपा और कांग्रेस की संस्कृति में यही फर्क है।सभा में राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, देवास विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व यात्रा प्रभारी आलोक शर्मा और अन्य नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस नेता आदित्य दुबे अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

यात्रा से पहले श्री सिंधिया ने ‘माता क्षिप्रा’ (क्षिप्रा नदी) का पूजन और यहां की प्रसिद्ध देवी चामुंडा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। श्री सिंधिया तीन दिनों तक मालवांचल के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा करेंगे। उनके साथ सैकड़ों समर्थक वाहनों से चल रहे हैं।श्री सिंधिया सुबह विमान से इंदौर पहुंचे थे और हवाईअड्डे पर श्री सिलावट के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे यात्रा में शामिल होने के लिए देवास रवाना हो गए थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close