रामानुजगंज(पृथ्वीलाल केशरी)।छत्तीसगढ़ शासन की महत्ती संचार क्रांति योजना स्मार्ट फोन वितरण का शुभारंभ जिले के नगर पंचायत रामानुजगंज से रविवार को कलेक्टर हीरालाल नायक द्वारा किया गया। स्मार्ट फोन वितरण के कार्यक्रम में नगर के 219 लोगों को निःशुल्क स्मार्ट फोन मिलने से बी.पी.एल.परिवार के इन लोगों में अपार उत्साह देखा गया। नगर पंचायत रामानुजगंज के लरंगसाय टाऊन हॉल में स्काई संचार क्रांति योजना के तहत् मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के द्वारा गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के महिला मुखिया को स्मार्ट फोन वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हीरालाल नायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में सभी प्रकार की सुविधा लोगों को मिले इसके लिए स्मार्ट फोन वितरण प्रदेश में 50 लाख लोगों को किया जाएगा। इस योजना का शुभारंभ महामहिम राष्ट्रपति द्वारा किया गया है। जिले के नगर पंचायत रामानजगंज में मोबाईल तिहार के तहत् मोबाईल वितरण का शुभारंभ आज हो रहा है। इसके बाद जिले के शेष नगर पंचायतों में स्मार्ट फोन वितरण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बी.पी.एल. परिवार के लोगों को स्मार्ट फोन वितरण किया जा रहा है, इस मोबाईल से सीधे छत्तीसगढ़ शासन से आमजनता संवाद स्थापित कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य देश का पहला राज्य है, जहां स्मार्ट फोन बी.पी.एल. परिवारों को वितरण किया जा रहा है। यह दो माह के कम समय में यह उल्लेखनीय कार्य किया गया है। शासन के योजना का जिले में क्रियान्वित करने में सभी का अच्छा सहयोग रहा है।
कलेक्टर ने आगे कहा कि पहले चरण में नगरीय क्षेत्र में एवं दूसरे चरण में ग्रामीण क्षेत्र में तथा कॉलेज के छात्रों को स्मार्ट फोन 51 हजार से अधिक का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप लोग स्मार्ट फोन के माध्यम से आप अपने गांव के समस्याओं को शासन स्तर पर पहुंचाने में सहायक होने की बात की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिव अनंत तायल ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आमजनता को आधुनिक तकनीक एवं साधन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होनें कहा कि प्रदेश में संचार क्रांति योजना का शुभारंभ बस्तर जिले से शुरू हुआ है। स्मार्ट फोन से लोग आधुनिक तकनीक से जुड़ेगें और लोगों के जीवन में साकारात्मक परिर्वतन आयेगा। इस अवसर पर जिले के निर्वाचित एवं मनोनीत जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज शुक्ला,लोक निर्माण के कार्यपालन यंत्री निर्मल सिंह ठाकुर, पी.एम.आर.डी.एफ. मृत्युंजय शर्मा, एन.आई.सी.के देवा कश्यप उपस्थित थे।