बिलासपुर मिस्टर नटवरलाल का कारनामा..नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख की ठगी..रेलवे खलासी ने महिलाओं को भी बनाया निशाना

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—-तोरवा-पुलिस’ने रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले रेलवे खलासी को  गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शिकायत कर्ता से तीन किस्तों में तीन लाख रूपए लिए थे।
 
              तोरवा पुलिस ने रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर तीन लाख रूपयों की ठगी करने वाले रेलवे खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। तोरवा थानेदार परिवेश तिवारी ने बताया कि खपरी दर्रीघाट मस्तूरी निवासी नीतू राम टंडन पिता अरुण कुमार टंडन ने लिखित शिकायत में बताया कि शंकरनगर आरपीएफ कालोनी निवासी चित्रसेन पिता पूरन मोगरे ने नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की है। चित्रसेन रेलवे में खलासी के पद पर कार्यरत है।
 
शिकायतकर्ता से तीन लाख की ठगी
     
          थानेदार ने मामले की जानकारी आलाधिकारियों को दी। पीड़ित नीतू टंडन की रिपोर्ट पर थाना तोरवा में आरोपी चित्रसेन मोगरे के खिलाफ आईपीसी की धारा  420 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।  इसके बाद जांच पड़ताल के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी चित्रसेन मोंगरे ने इंद्रजीत राजपाल,  हेमंत कुमार,  शेखर घाटी और अन्य लोगों से भी पचास हजार , डेढ़ लाख और एक लाख रूपए रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर लिया है। लेकिन किसी को अभी तक नौकरी पर नहीं लगाया है। रूपए मांगने पर टाल मटोल करता है।
 
विश्वास जीतने कराया मेडिकल चेकअप
 
                पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपी ने पीड़ितों का विश्वास जीतन नौकरी लगाने के नाम मेडिकल चेकअप भी कराया। साथ ही चरित्र प्रमाण पत्र भी दिलवाया था। इसके चलते पीड़ितों का विश्वास था कि नौकरी जरूर मिलेगी। इसलिए आरोपी के मांगे जाने पर रूपए थमा दिए। आरोपी ने नीतू टंडन को नौकरी में ज्वाइन करने का एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया है।
      
रेलवे कर्मचारी होने का उठाया फायदा
 
           परिवेश तिवारी ने बताया कि आरोपी रेलवे में नौकरी करता है। इसलिए उसे रेलवे की गतिविधियों की अच्छी जानकारी है। इसी जानकारी के आधार पर वह लोगों को धोखे में रखकर ठगी करता था।
 
कोरे चेक पर कराया दस्तखत
       
   आरोपी की बेटी शिकायत कर्ता नीलू टंटन के साथ आईटीआई की है। आरोपी ने पीड़ित के गांव जाकर स्थानीय लोगों से भी रूपए लेकर रोजगार दिलाने का झांसा दिया। इसके अलावा उसने सभी लोगों से चेक बुक में हस्ताक्षर लेकर अपने पास रख लिया। 
 
 अब तक दस लाख रूपयों की ठगी..महिलाओं को भी ठगा
 
                   जानकारी के अनुसार जांच पड़ताल के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी चित्रसेन ने अभी तक नौकरी लगाने के नाम पर करीब दस लाख रूपयों से अधिक की ठगी की है। आरोपी ने  ग्राम खपरी,थाना मस्तूरी के कुछ महिलाओं को भी विश्वास में लेकर लोन दिलाने के नाम पर सभी से दस दस हजार रूपए भी लिए हैं। जांच पड़ताल में पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उनसे चेक बुक भी साइन करवा कर लिया गया हैं।
 
                                   आरोपी के पास से पासबुक समेत सभी प्रकार के दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है। साथ ही बैंकों से भी अलग से जानकारी ली गयी है। 
 
सभी थानों को दी गयी सूचना
 
                    पुलिस के अनुसार चित्रसेन मोंगरे से अभी पूछताछ की जरूरत है। उम्मीद है कि ठगी के बहुत मामले सामने आएंगे। साथ ही अन्य थानों को भी प्रकरण की जानकारी दी गयी है। यदि कोई चित्रसेन के हाथों ठगी का शिकार होगा तो अपनी शिकायत को लेकर थाने पहुंच सकता है।
 
                                 बहरहाल आरोपी को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। 
close