कलेक्टर ने ओरछा स्वास्थ्य केन्द्र का किया औचक निरीक्षण

Shri Mi
4 Min Read

नारायणपुर – कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने आज अपने ओरछा प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने ओरछा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर आमजनों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंभीर और आकस्मिक चिकित्सा के लिए दिये जा रहे उपचार सेवाओं के अलावा पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिए भर्ती मरीजों से भी बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

उन्होने अस्पताल में चल रही गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र के पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, किचन सहित अन्य वार्डो का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने अस्पताल परिसर में संचालित सभी कक्षों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने ओरछा विकासखंड में संचालित पोषण पुर्नवास केन्द्र का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। कलेक्टर ने पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) में खाली और भरे बेड की जानकारी ली तथा बच्चों एवं उनकी माताओं से आत्मीय बातचीत की।

कलेक्टर ने कहा कि ईलाके के गंभीर और कुपोषित बच्चों को माताओं के साथ पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) लाया जाये और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक आहार देकर सुपोषित किया जाये। इस दौरान उन्होंने स्टोर रूम का अवलोकन किया और जीवनरक्षक दवाईयों की उपलब्धता देखी। इस दौरान कलेक्टर ने ओरछा में संचालित प्रसव पूर्व संदर्भ केन्द्र का भी अवलोकन किया। वहां उन्होंने शिशुवती माता को बेबी केयर किट भी प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ओरछा रामांचल यादव, स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक एवं स्टाप सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर कलेक्टर ने ओरछा में निजी संस्थान द्वारा संचालित पोषण पुर्नवास केन्द्र का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर को एनआरसी के कर्मचारी ने अवगत कराया कि यहां पानी की समस्या रहती है। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल पानी की व्यवस्था हेतु 2 बोर करवाने के निर्देश अधिकारियों केा दिये। इसके साथ ही उन्होंने एनआरसी के खाली स्थान पर किचन गार्डन विकसित करने की भी बात कही।

कलेक्टर ने अपने ओरछा प्रवास के दौरान ओरछा विकासखंड मुख्यालय में संचालित उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने राशन लेने आये ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हंे प्रदान की जाने वाली सामग्री की मात्रा, मूल्य आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने दिये जा रहे राशन की मात्रा जांचने के लिए समक्ष में राशन लेने आये ग्रामीण के चांवल का वजन कराया और उसकी जांच की। उन्हें दुकान संचालक को निर्देशित किया कि दूर-दराज से राशन लेने के लिए आने वाले ग्रामीणों को सही मात्रा और मूल्य में राशन दे, लापरवाही न करें। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ओरछा श्री रामांचल यादव के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्टर ने ओरछा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार का भी निरीक्षण किया और बाजार की व्यवस्थाओं को देखा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाजार में दुकान लगाने वाले दुकानदारों के अनुसार शेड निर्माण किया जाये। इसके साथ ही बाजार स्थल की साफ-सफाई भी नियमित रूप से की जाये। उन्होंने अधिकारियों को बाजार स्थल के समीप सुलभ शौचालय बनाने के कहा। ताकि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो। 

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close