Chhattisgarh में BJP मिशन 11 में जुटी

Shri Mi
3 Min Read

Chhattisgarh में BJP ने लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करने की रणनीति पर अमल शुरू कर दिया है। भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा की कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष गण की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

Join Our WhatsApp Group Join Now

बैठक में विशेष रूप से उपस्थित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि ‘मोदी की गारंटी‘ पर लोगों को विश्‍वास है और जैसी जीत विधानसभा में हुई है, वैसे ही लोकसभा में प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतेंगे।

साय ने कहा कि पिछली सरकार ने छत्तीसगढ़ की दुर्गति कर दी थी, जनता उससे छुटकारा पाना चाहती थी। जहां भी हम जाते हैं, वहां जनता में भारी उत्साह दिखता है। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया है और इसे संवारने की महती जिम्मेदारी प्रदेश की जनता ने हमें पूरे विश्‍वास के साथ सौंपी है। विश्‍वास की इस कसौटी पर खरा उतरते हुए अब लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतना हमारा लक्ष्य है।

प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने दिवंगत कुशाभाऊ ठाकरे को नमन किया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा कहते थे कि हमें अपनी सरकार चाहिए। आज वह बात हो चुकी है, आपको आपकी अपनी सरकार मिल चुकी है। आज छत्तीसगढ़ का सरल आदिवासी आज इस प्रदेश का मुख्यमंत्री बनकर कार्य कर रहा है, यह एक बेहद सुखद अनुभव है।

उन्‍होंने कहा कि लोकसभा चुनावों हमें प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतना है और इसके लिए कार्य में लग जाना है, पूरी मेहनत करना है। 30 सीटों में हम 51 प्रतिशत से ज्यादा मत हासिल करने में सफल हुए हैं। हमें इससे भी ज्यादा वोट हासिल करने है।

नवीन ने बताया कि मोर्चा स्तर पर राष्ट्रीय अधिवेशन होंगे, युवा मोर्चा के बैनर तले नव मतदाता के पांच हजार जगहों पर कार्यक्रम होंगे। महिला मोर्चा लखपति दीदी कार्यक्रम करेगा। सोशल मीडिया वॉरियर्स बनाने का काम करेंगे। पार्टी में नए लोगों को जोड़ने का क्रम जारी रहेगा। पूरे देश में ‘गांव चलो‘ अभियान होगा।

इस तरह के कई कार्यक्रम होंगे। हर कार्यक्रम के लिए अलग-अलग कमेटी बनाई जाएगी। अगले 4 महीने आगे के कार्यों में लगना है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close