अनियमित कर्मचारी महासंघ प्रियंका गांधी का स्वागत कंडे की माला से करेगी, कलेक्टर को पत्र

Shri Mi
2 Min Read

जगदलपुर।छत्तीसगढ़ के बस्तर में प्रियंका गांधी का दौरा प्रस्तावित है। छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ श्रीमती गांधी के बस्तर आगमन पर कार्यक्रम स्थल से 2 किलोमीटर तक गोबर से सड़क की लिपाई और छेना की माला तैयार कर भेंट करने की अनुमति को लेकर बस्तर कलेक्टर को पत्र सौंपा है। महासंघ ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के जन घोषणा पत्र 2018 के बिंदु क्रमांक 11 में सभी नियमित कर्मचारियों को नियमित करने और किसी की भी छटनी नहीं करने का वादा किया गया है और बिंदु क्रमांक 30 में शासकीय विभागों में आउटसोर्सिंग बंद करने का वादा किया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

लेकिन 4 साल 3 महीने बीत जाने के बाद भी प्रदेश के लाखों अनियमित कर्मचारियों को किया हुआ वादा आज भी अधूरा है। आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी का जगदलपुर आगमन हो रहा है।

ऐसे में महासंघ ने फैसला लिया है कि उनके स्वागत में कार्यक्रम स्थल से 2 किलोमीटर की दूरी तक गोबर से सड़क की लिपाई और भेंट स्वरूप गोबर से बने छेना की माला तैयार कर भेंट करने का निर्णय महासंघ ने लिया है।

महासंघ ने आगे कहा कि भारत देश में छत्तीसगढ़ पहला राज्य है जहां गोधन न्याय योजना संचालित है और प्रदेश के लाखों व्यक्ति गोबर बेचकर लाखों रुपए की आमदनी प्राप्त कर चुके हैं। प्रदेश के लोग गोबर बेचकर अपने बच्चों की शादी किए हैं,तो कोई गोबर बेचकर स्कूटी खरीदे हैं। कोई साइकिल खरीदे हैं। जब भी कोई शुभ कार्य किया जाता है तो प्रदेश के लोग अपने आंगन की लिपाई भी गोबर से ही करते हैं। अब तो गोबर से पेंट भी बनाया जा रहा है और सभी शासकीय भवनों को गोबर से पुताई कराया जा रहा है।

इसलिए महासंघ ने फैसला लिया है कि प्रियंका गांधी के बस्तर आगमन पर उनके स्वागत में कार्यक्रम स्थल से 2 किलोमीटर की दूरी तक गोबर से सड़क की लिपाई और भेंट स्वरूप गोबर से बने छेना माला तैयार कर माला पहनाने की अनुमति कलेक्टर से मांगी है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close