आधा दर्जन भाजपा बागियों पर अनुशासन का डंडा..पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता…चांदनी भारद्वाज समेत इन नेताओं पर होगी कार्रवाई

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर— भाजपा संगठन मंत्री ने बिलासपुर समेत जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर आधा दर्जन से अधिक लोगों पर अनुशासन का डंडा चलाया है। मस्तूरी विधानसभा में पार्टी से बगावत कर अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी बन ताल ठोकने वाली भाजपा नेत्री को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक लोगों को  पार्टी के खिलाफ शामिल गतिविधियों के आरोप में पार्टी से बाहर निकाला जा सकता है।

भारतीय जनता पार्टी के संगठन मंत्री ने अनुशासन समिति की अनुशंसा पर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ रायगढ़ और मस्तुरी में निर्दलीय चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। भाजपा संगठन ने मस्तूरी, पामगढ़, तखतपुर समेत बिलासपुर में भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल संगठन के पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया है।

भाजपा संगठन से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर संभाग में  कोटा, मस्तूरी, पामगढ़, तखतपुर समेत बिलासपुर विधानसभा सीट में  भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में हैं।  पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल बागी नेताओं  की सूची प्रमाण के साथ संगठन मंत्री पवन साय और संगठन प्रभारी को दिया गया है।

मस्तूरी में भारतीय जनता पार्टी की चांदनी भारद्वाज जोगी कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बेलतरा और बिलासपुर में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लगभग एक दर्जन से अधिक संग़ठन के पदाधिकारियों पर गाज गिरना निश्चित है। सूत्रों के अनुसा्र बिलासपुर में कुछ पार्षद और संगठन के नामी चेहरे पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम कर रहे हैं।

इसी तरह रायगढ़ में निर्दलीय चुनाव लड़ रही गोपिका गुप्ता  और उमेश अग्रवाल को  भाजपा संगठन ने अनुशासनहीनता का दोषी माना है। जिला अनुशासन समिति की अनुशंसा पर गोपिका गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष ने 6 वर्ष के लिए पार्टी से प्राथमिक सदस्यता से निर्वासित कर दिया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही चांदनी भारद्वाज समेत एक दर्जन भाजपा नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

close