न्योता भोज में जब पहुंचे कलेक्टर…परोसा भोजन..हाथों से खिलाया खाना…पंगत में बैठकर चाव से लिया बाल भोज का स्वाद

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

बिलासपुर–न्योता भोजन आमंत्रण मिलने के बाद कलेक्टर अवनीश शरण ने बच्चों के साथ  बाल भोज का आनन्द लिया। इसके पहले कलेक्टर ने सभी बच्चों के बीच मध्यान्ह भोजन का वितरण किया। बच्चों को अपने हाथों से खाना भी खिलाया। बच्चों ने कलेक्टर समेत श्रम आयुक्त को अपने बीच पाकर बच्चों ने खुशी जाहिर किया। साथ ही श्रम आयुक्त ज्योति को जन्मदिन की बधाई भी दी। बताते चलें कि श्रम आयुक्त ज्योति शर्मा ने अपने जन्मदिन पर बच्चों के साथ मन्धान्ह भोजन को लेकर कलेक्टर को न्योता भोज दिया। कलेक्टर ने भी बच्चों के बीच पहुचने का अवसर नहीं गंवाया। इस दौरान अवनीश शरण ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक सेवा से जुड़े लोगों को योजना में सहभागी बनने का निवेदन किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

जन्मदिन पर न्योता भोज

चिंगराजपारा स्थित सरकारी स्कूल में मंगलवार को मध्यान्ह भोजन का नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला। बच्चों के चेहरों की खुशियां बता रही थी कि आज स्कूल में जरूर कुछ खास है। जानकारी मिली कि आज स्कूल में श्रम आयुक्त ज्योति शर्मा ने अपने जन्मदिन पर न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया है। कार्यक्रम में बच्चों के बीच कलेक्टर अवनीश शरण भी शामिल है।

मध्यान्ह भोजन में पौष्टिक आहार

दरअसल श्रम विभाग सहायक आयुक्त, ज्योति शर्मा ने अपने जन्म दिन पर चिंगराजपारा सरकारी स्कूल में बच्चों को न्योता भोज दिया है। बच्चों को नियमित मध्यान्ह भोजन के साथ, पौष्टिक आहार, खीर, फल, चिक्की, और लडडू परोसा गया। कलेक्टर ने ज्योति शर्मा के कार्य की प्रशंसा करते हुए जन्मदिन की बधाई दी। केक काटकर बच्चों को खिलाया और चाॅकलेट का वितरण किया। न्योता भोज में प्राथमिक और मीडिल स्कूल के साढ़े तीन सौ से ज्यादा बच्चों ने योता भोजन का आनन्द लिया।

 बच्चों से हंसी ठिठोली

न्योता भोज का आनन्द लेने से पहले कलेक्टर अवनीश शरण ने माता सरस्वती की पूजा-अर्चना कर बच्चों के लिए आशीर्वाद मांगा। पंगत में बैठने से पहले कलेक्टर ने बच्चों के साथ हंसी ठिठोली किया। थाली लगाने के बाद ना  केवल परोसा बल्कि अपने हाथों से बच्चों को खाना भी खिलाया। फिर पंगत में बैठकर अपने बचपन को याद किया।

श्रम आयुक्त ने बांटा लड्डू चौर चिक्की

इस दौरान सहायक आयुक्त ज्योति शर्मा ने बच्चों को चिक्की और लडडू परोसा। बच्चों के साथ कलेक्टर ने भी चिक्की और लड्डू का स्वाद चखा। भोजन करते समय बच्चों के चेहरे पर खुशियां देखते ही बन रही थी। खाने के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से ढेर सारी बातें की। साथ ही खूब मन लगाकर पढ़ने को भी कहा ।

न्योता भोज में बच्चों के चमक उठे चेहरे

न्योता भोज कार्यक्रम में अपने बीच कलेक्टर समेत बड़े अधिकारियों को पाकर बच्चों की खुशियां देखते ही बन रही थी। कक्षा एक की छात्रा नन्हीं वर्तिका सिदार ने बताया कि आज से पहले इतना स्वादिष्ट खाना, केक और चाॅकलेट स्कूल में एक साथ कभी नहीं मिला। नन्हें विराज कैवर्त ने कहा कि आज हमने कलेक्टर सर के साथ खाना खाया। इस पल को कभी नहीं भूलूंगा। विराज ने बडे़ होकर कलेक्टर बनने की इच्छा जाहिर किया।

न्योता भोज कार्यक्रम के बाद कलेक्टर ने जनप्रनिधियों, सामाजिक सेवा से जुड़े लोगों और अधिकारियों से आह्वान किया कि अपने जीवन का कुछ पल स्कूली बच्चों के बीच जरूर साझा करें। पौष्टिक आहार के साथ बच्चों को न्योता भोजन दें। इससे समुदाय में अपनेपन की भावना का विकास होगा । बच्चों में आत्मविश्वास जागेगा।

क्या है न्योता भोजन

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना को सामुदायिक सहयोग से और अधिक पोषक बनाने राज्य शासन ने  न्योता भोजन की अभिनव पहल की जा रही है। न्योता भोजन का मूल उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। कोई भी व्यक्ति या सामाजिक संगठन, जन्मदिन वर्षगांठ या अन्य खास मौकों पर अपने आस-पास के स्कूल, आश्रम या छात्रावास में जाकर बच्चों के लिए न्योता भोजन का कार्यक्रम कर सकता है। इसमें पूर्ण भोजन का योगदान किया जा सकता है या अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में मिठाई, नमकीन फल या अंकुरित अनाज आदि के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान दिया जा सकता है।

close