बिलासपुर— युवा दिवस स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रेडियो लोकवाणी में प्रदेश के युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं के लिए प्रदेश स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित करने के साथ ही युवाओं के उत्थान के लिए कार्य करने की बात कही।
रविवार की सुबह 10:30 से 11:00 बजे तक रेडियो लोकवाणी कार्यक्रम का प्रसारण स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में मेयर रामशरण यादव, सभापति शेख नजीरुद्दीन, कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय समेत पार्षदगण उपस्थित थे।
स्वामी विवेकानंद जयंती पर मुख्यमंत्री सीएम भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी युवाओं को बधाई दी। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलने की बात प्रदेश के युवाओं को कही। इस दौरान उन्होंने उठो जागो और तब तक चलते रहो जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए की बात की। मुख्यमंत्री बघेल ने रेडियोवार्ता लोकवाणी की छठवीं कड़ी के माध्यम से प्रदेशवासियों से एक बार फिर रूबरू हुए। सेवा और जतन के सरकार के पिछले एक साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा होने पर प्रदेश वासियों का धन्यवाद किया।
रेडियोवार्ता के माध्यम से मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले को नये माॅडल डिग्री काॅलेज की सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमने अपनी सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को ‘सेवा और जतन का एक साल‘ कहा है। इन चार शब्दों में बहुत सारी बातें समा जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा एक जनवरी 2020 से देश की सबसे बड़ी ‘‘स्वास्थ्य सेवा योजना’’ भी शुरू कर दी गई है। प्रदेश के सभी 65 लाख परिवारों के प्रत्येक सदस्य के उपचार हेतु ‘‘डॉ. खूबचन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना’’ एवं ‘‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’’ शुरू कर दी है। डॉ. खूबचन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना’’ के माध्यम से प्रदेश के 56 लाख परिवारों को 5 लाख रूपए तक का नगद रहित उपचार शासन की तरफ से उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में संचालित योजनाओं में उपचार के दौरान जांच भी सबसे बड़ी समस्या थी,। खर्च उठा पाना मरीज व उनके परिजनों के लिए संभव नहीं हो पाता था।सरकार ने इस बात का विशेषरूप से ध्यान रखा है कि जांच का खर्च भी योजना में शामिल हो। कार्यक्रम में सीएम बघेल ने शिक्षाकर्मी संविलियन, भर्ती समेत आद्योगिक नीति पर भी प्रकाश डाला।