बिलासपुर— कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने आज नगर विधायक के साथ शहर के विभिन्न स्थानों में जनसम्पर्क किया। नगर विधायक ने शहरवासियों से कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
नगर विधायक शैलेश पाण्डेय और अटल ने शहर के मध्य-क्षेत्र विद्या और विनोबा नगर, व्यापार-विहार क्षेत्र में सघन जनसम्पर्क किया। मतदाताओं को कांग्रेस की रीति और नीति की जानकारी दी। शैलेश ने सभी मतदाताओं को बताया कि देशवासियों को जुमले के सहारे हांका जा रहा है। वक्त बदलाव कहा है…। मौका और दस्तूर भी है…कि बेरोजगारों,महिलाओं,युवाओं को व्यापारियों के साथ न्याय हो। इसलिए जरूरी है कि जनता कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर दिल्ली भेजे और केन्द्र में राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की सरकार बनाए।
लोकसभा प्रत्याशी अटल ने कहा कि खूबसूरत शहर को पूर्व मंत्री ने गड्ढापुर बना दिया है। जिन प्राध्यापकोें – प्राचार्य की देख-रेख में शिक्षा का ककहरा सीखा, गुरूदक्षिणा के रूप में उन्हें नालियों का गंदा पानी दिया गया है। घरो के दरवाजों पर लोगो ने दीवार उठा लिए हैं। विद्यानगर- विनोबानगर में शहर के प्रतिष्ठित लोग निवास करते हैं। ताज्जुब होता है कि ऐसे स्थानों में समस्याओं की बाढ़ है। शायद इन्ही कारण से बचने पूर्व मंत्री ने विद्यानगर से पलायन कर दूसरे जगह आशियाना बना लिया है।
व्यापार-विहार के व्यापारियों से आशीर्वाद मांगते हुए अटल ने कहा कि सांसद बनने के बाद व्यापारियों को प्लाट पर कब्जा दिलाना पहली प्राथमिकता होगी। पैंसेन्जर हाल्ट और रेलवे से व्यापार-विहार होकर तिफरा तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। व्यापार-.विहार को बसाने वाले पूर्व मंत्री स्व0 बी.आर. यादव और बी.डी.ए. के तत्कालीन अध्यक्ष रामबाबू सोथालिया के सपनों का ना केवल पूरा किया जाएगा। बल्कि ऐसा कर हम सच्ची श्रद्धांजलि भी देंगे।
अटल श्रीवास्तव ने पन्द्रह साल के भाजपा शासन की याद दिलाते हुए पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल पर शहर की नवोदित प्रतिभाओं और दूसरी पंक्ति के नेताओं की राजनैतिक – हत्या का आरोप लगाया। अटल ने कहा बीडीए जैसी बड़ी निर्माण एजेंसी नहीं बन सकी। उल्टे जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक में कोरबा के नेता अध्यक्ष बनकर बैठे। जिसने बैंक को दिवालिया बना दिया। जनता को घोटाले की सौगात देकर आजकल कोरबा में एक बड़ी कंपनी की एजेंसी चला रहा है।
सघन जनसम्पर्क अभियान की अगुवाई विधायक शैलेश पाण्डेय ने की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख गफ्फार, प्रतिष्ठित नागरिक और व्यापारी गण के साथ बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद थे।