रामदयाल उइके भाजपा में शामिल..बताया..राहुल की भी नहीं सुनते कांग्रेसी..CM ने कहा..आने वालों की जानकारी नहीं

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
बिलासपुर— कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और तानाखार विधायक रामदयाल उइके भाजपा में शामिल हो गए हैं। मुख्यमंत्री के साथ कोर्टयार्ड में वार्ता के दौरान उइके ने बताया कि कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी। कांग्रेस की रीति नीति से थक चुका था। अब कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का भी नहीं सुनते। कांग्रेसियों को नियंत्रित करना अब राहुल गांधी के बस में भी नहीं है। मां बहनों की सी़डी बनाने वालों ने आदिवासियों की परवाह नहीं की। इसलिए मैं अपने घर वापस आ रहा हूं। इस दौरान रामदयाल उइके ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री की योजनाओं की जमकर तारीफ की।
                कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके भाजपा में शामिल हो गए हैं। कोर्टयार्ड में आयोजित मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने एलान किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने रामदयाल उइके ने भाजपा में शामिल हुए हैं। धरमलाल कौशिक ने बताया कि उइके के भाजपा में प्रवेश से आदिवासी समाज का बेहतर विकास होगा। धरमलाल कौशिक ने प्रेसवार्ता के दौरान उइके को भगवा पटका पहनाकर भाजपा में सांकेतिक प्रवेश दिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह,निकाय मंत्री अमर अग्रवाल, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय, अनुसूचित जाति मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम, सांसद लखनलाल साहू,गृह निर्माण मण्डल चैयरमैन भूपेन्द्र सवन्नी,भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रजनीश सिंह विशेष रूप से मौजूद थे।
                             भाजपा प्रवेश के बाद रामदयाल उइके ने कहा काफी घुटन महसूस कर रहा था। कांग्रेस में अब वह बात नहीं रही। अब तो कांग्रेसी राहुल की भी नहीं सुनते। सीडी मामले को दबाने का प्रयास किया गया। लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की नई सीड़ी ने कांग्रेस की असलियत को खोलकर रख दिया है। आदिवासियों का कोई सुनने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए उइके ने कहा आदिवासी समाज के लिए सरकार ने बहुत कुछ किया। जल जंगल जमीन और स्वास्थ्य पर मुख्यमंत्री ने जितना काम आदिवासियों के लिए किया है। ना केवल अनुकरणीय है…बल्कि मुझे भाजपा में प्रवेस करने के लिए प्रेरित भी किया।
         उइके ने बताया कि भाजपा में प्रवेश और कांग्रेस छोड़कर राहत महसूस कर रहा हूं। घर वापस आने के बाद अच्छा लग रहा है। पार्टी के निर्देश के बाद अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करूंगा।
उइके आदिवासी समाज के बड़े नेता..रमन सिंह
               रामदयाल उइके के प्रवेश के बाद मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। सीएम ने कहा कि उइके पाली तानाखार और मरवाही समेत आस के क्षेत्रो में आदिवासी समाज के लिए कल्याणकारी काम किया है। आदिवासी समाज के हितों को लेकर उइके हमेशा सजग रहे हैं। आदिवासी समाज में उनका जनाधार है। उइके ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने भाजपा में प्रवेश लिया है। उनका हम स्वागत करते हैं। उइके कांग्रेस का साथ छोड़कर घर वापस आए हैं।
             अभी कितने लोग कांग्रेस से भाजपा में आ रहे हैं। सवाल के जवाब में डॉ.रमन सिंंह ने कहा कि हमारा काम विकास कार्य को आगे बढ़ाना है। जिसे विकास में विश्वास है..वह आएगा। कितने आ रहे हैं..यह तो हम भी नहीं जानते। लेकिन उइके ने कहा है कि आदिवासी समाज कांग्रेस के हाथों सुरक्षित नहीं है। लोगों का भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है।
    क्या सीट समझौते को लेकर उइके ने भाजपा में प्रवेश किया है। जवाब में सीएम ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। कहां से लड़ेंगे इस बात को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं है। हमें रामदयाल उइके अनुभवों का फायदा मिलेगा।
             अंत में उइके से पूछा गया कि क्या आदिवासी सीएम की अभी भी मांग करेंगे। सवाल का जवाब देने से पहले पत्रकार वार्ता खत्म हो गयी।
close