बिलासपुर— सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा की संभागस्तरीय बैठक टिकरापारा स्थित गुजराती समाज में हुआ। इस दौरान संभाग के सभी नेता और कार्यकर्ताओं का हुजुम देखने को मिला। बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने संबोधित किया। इ दौरान पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह,पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया। नेताओं ने कहा हम सभी को एकजुट होकर गली मोहल्लों, बाजार, वार्डो में भाजपा की सदस्यता अभियान चलाकर सभी वर्गो और समुदायों को जोड़ना है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि सदस्यता सर्वस्वर्शी, सर्वव्यापी हो।
टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में भाजपा के संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह ने कहा कि 6 जुलाई को डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म दिन से सदस्यता अभियान शुरू होगा। अभियान 11 अगस्त तक चलेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़े राजनैतिक दल है। बावजूद इसके हमें अभी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यकों समेत सभी वर्गो, समुदायों और युवा वर्ग में व्यापक सम्पर्क करना है। सभी को पार्टी की सदस्यता से जोड़ना है।
डॉ.रमन सिंह ने कहा कि सदस्यता के स्परूप में कुछ आवश्यक बदलाव की जरूरत है। देखने में आया है कि जिन बूथों में देढ़ सौ सदस्य बनाये गये है वहीं कई बूथों में सदस्यों की संख्या दो चार ही है…सदस्यता औपचारिक न हो । जुड़ने वालों को अहसास होना चाहिए कि वह पार्टी नहीं बल्कि भाजपा परिवार में शामिल हुआ है। कार्यकर्ताओं को सभी गली मोहल्लों वार्डो में जाकर परिवारों से मिलना होगा। बैठकी कर विचार विमर्श करना होगा। अभियान के माध्यम से उड़ीसा, केरल और बंगाल में भी पार्टी का जनाधार बढ़ा है।अब तीनों प्रदेशों में भी भाजपा की सरकार बने इस लक्ष्य हासिल करना है।
रमन सिंह ने कहा कि 15 साल तक सत्ता में रहने के बाद विधानसभा चुनाव में 78 विधानसभाओं में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन लोकसभा चुनाव में 66 विधानसभाओं में पार्टी को बढ़त मिली। आने वाले चुनाव के लिए चार साल संघर्ष के रास्ते पर चल कर धरना आंदोलन प्रदर्शन के माध्यम से एक बार फिर पार्टी को शिखर पर ले जाना है। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास जीतने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर हम आगे बढ़ेंगे और फिर से सरकार बनेगी।
रमन सिंह ने पांचों जिलों बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, कोरबा और रायगढ़ के जिलाध्यक्षों से अलग-अलग सदस्यता अभियान की अभी तक की प्रगति के बारे में पूछा। पूर्व सीएम ने कहा कि 6 जुलाई से जिले में सदस्यता का शुभारंभ होगा। 8 जुलाई को जिले के समस्त मंडलों में सदस्यता अभियान की शुरूवात पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में होगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी ने सदस्यता अभियान पर विस्तार से जानकारी देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि जो कार्यकर्ता 50 सदस्य बनायेंगे वहीं सक्रिय सदस्यता के पात्र होंगें। एक मोबाईल नम्बर से चार सदस्य बनायें जा सकेंगे । पूरी जानकारी लिखित में रखकर कर कार्यालय में भी दी जा सकेगी।
बैठक की शुरूवात भारत माता, डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीपप्रज्वलित कर की गई। बैठक का संचालन बेलतरा विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने किया। बैठक में डॉ.रमन सिंह के साथ पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, विधायक नारायण चंदेल, डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी, सौरभ सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, बंशीलाल महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह, कोमलगिरी गोस्वामी, अशोक चॉवलानी, मेघाराम साहू, जवाहर नायक भी मंच पर उपस्थित थे। संभागीय बैठक में तोखन साहू, लखन देवांगन, तोखन साहू, अम्बेश जांगड़े, केराबाई मनहर, घनश्याम कौशिक, रामदेव कुमावत, गुलशन ऋषि, श्रीमती हर्षिता पाण्डेय, अमर सुल्तानिया, गुरूपाल सिंह भल्ला, संजय भावनानी, बेनी गुप्ता, किशोर राय, अशोक विधानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।