जनता की सरकार,जनता के द्वार–धरम

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

IMG-20160427-WA0222बिलासपुर— पथरिया के गांव परसिया में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक विशेष रूप से उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने इस मौके पर उपस्थित सरकार के मंत्री जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने जनता से सीधे संवाद भी किया।

.

                                           पथरिया तहसील के ग्राम परसिया में लोकसुराज अभियान के तहत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। इस मौके पर भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक के अलावा खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहिले,स्थानीय विधायक सियाराम कौशिक,संभागायुक्त निहारिका बारीक़,  कलेक्टर मुंगेली, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी,डी.एफ.ओ.मुंगेली, जनपद अध्यक्ष पथरिया विशेष रूप से उपस्थित थे।

                         जनसमस्या निवारण शिविर में भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए। शिविर में ज्यादातर मामले पानी की समस्या को लेकर सामने आयी। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि यहां अवैध शराब बिक्री को बंद किया जाए। साथ ही उपस्थित लोगों ने बताया कि पटवारी से लेकर तहसीलदार किसी भी काम को सालों लटका कर रखते हैं। उन्हें बात बात पर परेशान किया जाता है। जिनके पास पैसे हैं उनका काम जल्दी होता है। गरीब लोगों का सुनने वाला कोई नहीं है।

                 शिविर में मनरेगा मजदूरी और राशन कार्ड की समस्याओं को लेकर शिकायत मिली। उपस्थित मंत्री, अधिकारियों ने उनकी शिकायतों को दर्ज कर जल्द से जल्द निराकरण करने की बात कही। इस मौके पर मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकसुराज का मुख्य उद्देश्य आपकी समस्याओं का जल्द से जल्द निराकर करना है। इतना ही नहीं यदि अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से किसी भी प्रकार की शिकायत हो तो उसे भी सबके सामने रखना है। सुराज अभियान समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ही किया जा रहा है।

                        धरम कौशिक ने कहा कि आपकी सरकार आपके द्वार आ रही है। अपनी समस्याओं को लोग खुलकर बताएं। जो अधिकारी काम नहीं करते हैं उनका नाम भी सामने रखें। रमन सरकार का उद्देश्य आपकी कठिनाइयों को दूर करना है। इसलिए अधिकारी भी सुराज अभियान में आपके बीच होंगे। तत्काल समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा।

close