रायपुर। नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अमर अग्रवाल ने सोमवार को देवेंद्र नगर लिंक रोड का लोकार्पण किया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के यांत्रिकी प्रकोष्ठ और नगर पालिक निगम रायपुर ने संयुक्त रूप से इसका निर्माण किया है। इस पर लगभग चार करोड़ रूपए की लागत आई है।लिंक रोड के बन जाने पर अब रेल्वे स्टेशन से देवेंद्रनगर चौक होते हुए मौदहापारा तक आने-जाने में लोगों को सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी। इसके साथ ही घड़ी चौक से जयस्तंभ चौक तक के ट्रैफिक में दवाब भी कम होगा।
इस रोड की खासियत है ये निर्धारित अवधि से पहले ही बनकर तैयार हो गया है। लोकार्पण समारोह में नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने इस बात पर खुशी जताई कि इसका निर्माण 18 महीने की निर्धारित समय-सीमा से पहले ही कर लिया गया है। अग्रवाल ने कहा कि राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उन्होंने कहा कि इसके निर्माण के लिए चार करोड़ रूपए मंजूर किए गए थे। इस राशि से लिंक रोड के साथ-साथ उस पर मार्ग विभाजक भी बनाया गया है। लिंक रोड के आगे संजय गांधी चौक तक आगे के निर्माण कार्य के लिए भी 3 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुके हैं , जिसका निर्माण कार्य भी जल्द शुरु होगा।
निकाय मंत्री ने कहा कि ये बायपास रोड यातायात को सुगम बनाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की पहचान उसकी राजधानी से ही होती है। हम रायपुर को जितना खूबसूरत बनाएंगे उतना ही प्रदेश का नाम होगा।
मंत्री ने कहा कि राजधानी की ट्रैफिक समस्या जल्द ही दूर की जाएगी जिसके लिए जल्द ही सर्वे कराया जाएगा। कचरे के निपटारे की समस्या के लिए उन्होंने कहा कि दिसंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि रायपुर के सभी 70 वार्डों के विकास के लिए 70 करोड़ रुपए जारी किये जाएंगे जिसके तहत प्रत्येक वार्ड को 1 करोड़ रुपए दिये जाएंगे।