बिलासपुर— करीब पन्द्रह दिन पहले हुई सिरगिट्टी नगर पंचायत की तरह बोदरी नगर पंचायंत के लोगो ने भी कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया है। जानकारी के अनुसार बोदरी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 11,12,13 और 14 के लोगों में पानी आपूर्ति नहीं होने को लेकर शिकायत थी। लगातार शिकायत के बाद भी बोदरी नगर पंचायत के नेता और अधिकारयों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। नाराज लोगों ने आज नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया।
जानकारी के अनुसार बोदरी नगर पंचायत के लोगों ने बुधवार की दोपहर कार्यालय पहुंचकर मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया। इस दौरान जनता के आक्रोश को देखकर नगर पंचायत सीईओ और अध्यक्ष जान बचाकर भागने में कामयबा हुए। प्रदर्शन करने वाले लोगों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 11,12,13 और 14 में पानी की भारी किल्लत है। मामले को लेकर नगर पंचायत में लोगों ने कई बार गुहार लगायी। बावजूद इसके ना तो पानी की स्थायी व्यवस्था की गयी। ना ही पानी की नियमित सप्लाई ही हुई। बावजूद इसके सीईओ और अध्यक्ष के सामने जनता गिड़गिड़ाते रहे। लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने हर बार शिकायतों को अनसुना किया।
इस बार 11,12,13 और 14 के लोगों ने सिरगिट्टी नगर पंचायत की तर्ज पर बोदरी नगर पंचायत घेराव का फैसला किया। नाराज लोगों ने मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया। करीब घंटे भर से अधिक समय तक लोगों ने बोदरी नगर पंचायत अधिकारियों समेत अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियो के प्रति नारेबाजी की। हाय हाय के नारे के साथ जन प्रतिनिधियों से इस्तीफे की मांग भी की है।
इधर लोगों के आक्रोश को देखते हुए अध्यक्ष और सीईओ किसी तरह से जान बचाकर भागने में कामयाब हुए। बिल्हा प्रशासन के सहयोग से मामले को किसी तरह शांत कराया गया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि लोगों की पानी समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा।