मंदिर तोड़ने पहुंचे निगम अमले का विरोध..मेयर ने किया भूमि पूजन…कहा नया मंदिर बनने के बाद होगी कार्रवाई

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर— हाईकोर्ट के फैसले के बाद कलेक्टर और निगम कमिश्नर के निर्देश पर सिम्स चौक स्थित मुख्य मार्ग पर मंदिर शिफ्टिंग कार्रवाई करने पहुंचे निगम अमले को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।  कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों के अलावा मंदिर समिति के सदस्यों ने अतिक्रमण दस्ते को घेर लिया। जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के  साथ पुलिस बल भी पहुंच गयी। मेयर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विवाद को किसी तरह शांत कराया गया।
 
                      कोर्ट के आदेश के बाद सिम्स चौक स्थित मंदिर को हटाने निगम का अतिक्रमण दस्ता पहुंचा। जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्यों के अलावा आस पास के लोग मंदिर हटाने का विरोध करने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले नयी मंदिर का निर्माण किया जाए। इसके बाद ही पुराने मंदिर को तोड़ा जाए।
 
              इस दौरान प्रशासन और जनता के बीच जमकर तू-तू,मै-मै हुई। निगम प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मंदिर के लिए पहले ही स्थान निश्चित कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने कहा जिस स्थान पर मंदिर को शिफ्ट किया जा रहा है। दरअसल उस स्थान के पास सैप्टिक टैंक है। जब तक सही स्थान पर मंदिर का निर्माण नहीं किया जाता है। तब तक वर्तमान स्थिति को हटाने नहीं दिया जाएगा।
                       
                   मंदिर हटाने की जानकारी मिलने और विरोध की खबर पर मेयर रामशरण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होने कहा कि सब कुछ कोर्ट के आदेश पर किया जा रहा है। जनता जहां चाहती है उसी स्थान पर नयी मंदिर का निर्माण किया जाए। इसके बाद जनता का आक्रोश कम हुआ।
      
                    लोगों की मांग पर मेयर ने मुख्य मार्ग पर ही सिम्स परिसर के अन्दर नए स्थान पर मंदिर निर्माण का आदेश दिया। साथ प्रशासन से निर्धारित जमीन दिए जाने को कहा। इसी दौरान उपस्थित लोगों ने स्थान का चयन कर रामशरण के हाथों भूमि पूजन भी करवा लिया। रामशरण यादव ने नारियल फोड़ने के बाद लोगों को बधाई दी। 
 
                   उपस्थित लोगों को निगम प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नए मंदिर का निर्माण दस दिनों के अन्दर पूरा कर लिया जाएगा।
 
मेयर ने कहा जैसा जनता चाहेगी वैसा ही होगा
  
                  मामले में रामशरण यादव ने कहा कि जनता जैसा चाहती है। वैसा ही किया जाएगा। जनता ने कोर्ट के आदेश को माना। खुशी की बात है। हमने जनता के चुनाव पर भूमि का पूजन किया है। लोगों की सर्वसम्मिति से नए स्थान पर मंदिर निर्माण का फैसला लिया गया है। निगम प्रशासन दस दिनों के अन्दर मंदिर निर्माण कर देगा। इसके बाद ही पुरानी मंदिर को तोड़ा जाएगा।
 
                इस दौरान जिला प्रशासन के आलाधिकारियों के अलावा दीपाशु श्रीवास्तव,स्थानीय पार्षद विनोद सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
close