मुंगेली ( आकाश दत्त मिश्रा ) ।पिछले काफी अरसे से शीतनिष्क्रियता में जा चुकी मुंगेली कांग्रेस में एक आंदोलन की वजह से फिर से जान फूंकने की कोशिश हुई है। यह आंदोलन जिले और शहर में बिगड़ी हुई स्वास्थ व्यवस्था को लेकर था।जिसके तहत यूथ कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार की शवयात्रा निकाली।जिसमें सीनियर कांग्रेस के लोग भी शामिल हुए।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओँ ने स्वास्थ विभाग की बदहाली के खिलाफ राज्य सरकार की शवयात्र निकाली। इस दौरान राज्य सरकार और स्वास्थ मंत्री के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे जमकर लगे।शवयात्रा लेकर यूथ कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए स्वास्थ विभाग के दफ्तर पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। इसे देखकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी दफ्तर छोड़ इधर-उधर भागते नजर आए।जिससे हालत और बिगड़ गई।ऐसे में प्रदर्शनकारियों ने अफसरों के नेमप्लेट पर अपना गुस्सा उतारा और नाम की पट्टियां दीवार से उखाड़कर फेंक दीं।
मुंगेली पुलिस के सामने हो रहे इस प्रदर्शन पर करीब आधे घँटे बाद एक्शन लिया गया।आला अफसरों की ओर से आर्डर न मिलने का हवाला देते हुए पुलिस बल काफी समय तक मूकदर्शक बना रहा।आदेश मिलते ही पुलिस ने पन्द्रह कांग्रेसियों को पकड़कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
स्वास्थ सुविधाओँ के मामले में कांग्रेस की इस मुहिम का आगे क्या असर होता है, यह आने वाला समय बताएगा। लेकिन मुंगेली में इस बात के लेकर प्रतिक्रिया रही कि कांग्रेस ने आम लोगों के स्वास्थ से जुड़े गंभीर मामले को उठाया है।इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि जिले के अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओँ की भारी कमी है।जिसकी वजह से सामान्य हो या गंभीर-सभी तरह के मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर सिम्स के कंधों पर डाल दिया जाता है। जो गंभीर मरीज के लिए कई बार जानलेवा साबित होता है।ऐसे गंभीर मुद्दे पर हलचल मचाकर कांब्रेस एक बार फिर जाग गई है। इससे कांग्रेस की सेहत पर जरूर अच्छा असर नजर आ रहा है। हालांकि आंदोलन को लेकर कांग्रेसियों के बीच होड़ भी लगी रही। लेकिन आखिर जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह की अगुवाई में यह प्रदर्शन हुआ। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम जायसवाल, राकेश पात्रे जैसे कई सीनियर कांग्रेसी भी शामिल हुए।