7717 मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला…भाजपा प्रत्याशी को सहानुभूति का भरोसा..अनिता को सत्ता का सहारा..खेल बिगाड़ सकती हैं शैल..?

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

बिलासपुर—नगर निगम बिलासपुर उप चुनाव मतदान का एलान हो चुका है। विष्णुनगर वार्ड क्रमांक 16 के कुल 7717 मतदाता 9 जनवरी को मतदान कर तीनों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला देर शाम तक कर देंगे। जानकारी देते चलें कि परिसीमन के बाद पहली बार विष्णुनगर वार्ड से भाजपा नेत्री निधि जैन को जीत मिली। करीब पांच महीने पहले निधि जैन की आकस्मिक निधन के बाद वार्ड में दुसरी बार और पहला उप चुनाव कराया जा रहा है। इस बार भाजपा से श्रद्धा जैन और कांग्रेस से अनिता कश्यप आमने सामने होंगी। बताया जा रहा है कि शैल यादव दोनो दलों का खेल बिगाड़ सकती है। यद्यपि दोनों दलों की तरफ से शैल यादव के पति परमेश्वर से  नामांकन वापिस लेने का दबाव बनाया गया। अन्ततः बात नहीं बनी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

               नामांकन दाखिल करने के बाद विष्णुनगर वार्ड क्रमांक 16 की मतदान तारीख की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। भाजपा से निधि जैन और कांग्रेस से अनिता कश्यप के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी शैल यादव आमने सामने होंगी। नामांकन दाखिल और वापसी के समय कयास लगाया जा रहा था कि शैल यादव किसी प्रत्याशी के समर्थन में नाम वापस ले लेंगी। दोनों दलों की तरफ से संगठन से लेकर निगम पार्षदों तक परमेश्वर पर दबाव बनाया गया कि शैल यादव अपना नाम वापस ले। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। चर्चा चल रही है कि शैल यादव जीते या नहीं जीते लेकिन भाजपा और कांग्रेस में से किसी एक प्रत्याशी की खेल बिगाड़ सकती है।

                  चुनाव पर नजर रखने वालों के अलावा भाजपा और कांग्रेस संगठन का अपने अपने प्रत्याशियों की जीत को लेकरअपने अपने तर्क हैं। भाजपा संगठन नेताओं को पूरा विश्वास है कि निधि जैन और उनके परिवार का वार्डवासियों से जीवन्त नाता है। निधि जैन ने पार्षद रहने के दौरान वार्ड के लोगों के लिए दिन रात काम किया। सुख दुख में भागीदार रही। श्रद्धा जैन निधि जैन की बेटी है। चुनाव में निधि जैन की सक्रियता के अलावा श्रद्धा को सहानुभूति वोट मिलना निश्चित है। वैसे भी निगम सरकार के कामकाज को लेकर वार्डवासियों में असंतोष है। इसलिए 26 वर्षीय युवा नेत्री  श्रद्धा जैन की जीत निश्चित है। 

दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी अनिता कश्यप की जीत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह से आश्वस्त हैं। अनिता कश्यप परिवार का व्यवसायिक क्षेत्र में अच्छा नाम है। रतन लस्सी के नाम से शहर में तीन चार जगह दुकानें संचालित है। 28 वर्षीय अनिता पति हिमांशु कश्यप रतन लस्सी परिवार की बहु हैं। अनिता कश्यप को स्थानीय विधायक शैलेष पाण्डेय और जिला शहर अध्यक्ष का प्रत्याशी माना जा रहा है।

        कांग्रेस नेताओं का दावा है कि अनिता कश्यप को प्रदेश सरकार के अलावा कांग्रेस की निगम सरकार के कामकाज का फायदा मिलेगा। निगम सरकार ने कोरोना काल के दौरान विपरीत परिस्थियों मे भी निगम क्षेत्र के विकास को रूकने नही दिया। बिजली पानी सड़क समेत अन्य समस्याओं को ना केवल दूर किया। बल्कि शासन की योजनाओं को घर घर तक पहुंचाया है। लोगों को पता है कि भूपेश सरकार ने बिलासपुर के विकास के लिए बहुत काम किया है। ऐसी सूरत में अनिता कश्यप की जीत निश्चित है। इसके विपरीत कांग्रेस नेताओं का यह भी दावा है कि शैल यादव भाजपा का वोट काटेंगी। लेकिन परमेश्वर यादव के समर्थकों का कहना है कि शैल यादव की जीत निश्चित है।

आठ केन्द्रों में 7717 मतदाता करेंगे मतदान

         जिला चुनाव कार्यालय के अनुसार विष्णुनगर वार्ड क्रमांक 16 के कुल 7717 मतदाता कुल आठ केन्द्रों में मतदान करेंगे। मतदान केन्द्र एक क्रेन मेमोरियल स्कूल कक्ष क्रमांक 4 में कुल 982 मतदाता अधिकार का प्रयोग करेेगे। क्रेन स्कूल के ही कक्ष क्रमांक 5 बूथ क्रमांक 2 में मतदाताओं की संख्या 961 है। बूथ क्रमांक दो,तीन और चार में क्रमशः 1071, 1066 और 962 लोग मतदान करेंगे। तीनो बूथ कुदुदण्ड स्थित प्राथमिक पाठशाला कक्ष क्रमांक एक,दो और तीन को बनाया गया है। कुदुदण्ड स्थित शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कक्ष क्रमांक एक और दो को बूथ क्रमांक 6 और 7 बनाया गया है। दोनो बूथ में क्रमशः 983 और 832 लोग मतदान करेंगे। बूथ क्रमांक आठ प्राथमिक शाला कुदुदण्ड कक्ष क्रमांक 4 को बनाया गया है। यहां कुल 840 मतदाता अपने अधिकार प्रयोग करेंगे।

close