लिपिक कर्मचारी नेता रोहित ने बताया.. वेतनमान सुधार घोषणा की जानकारी सचिवालय भेजी गयी..प्रशासन से पुष्टि

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर– प्रदेश के लिपिकों के वेतनमान सुधार की दिशा में कलेक्टर बिलासपुर ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरा कर दिया है। जिला प्रशासन ने लिपिक वेतनमान सुधार की घोषणा की पुष्टि करते हुए लिपिकों की मांग को लेकर सभी प्रकार की जानकारियों को मुख्यमंत्री सचिवालय भेज दिया है। यह जानकारी छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गी एवं शासकीय कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी ने दी है।
 
             संगठन के प्रदेश प्रमुख रोहित तिवारी ने बताया कि पिछले साल  17 फरवरी 2019 को बिलासपुर त्रिवेणी भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आयोजन में प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल विशष रूप से शिरकत किए थे। लिपिक महाधिवेशन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के लोगों के वेतनमान सुधार की घोषणा का एलान किया था। घोषणा के एक साल बाद भी वेतनमान सुधार ना होने पर संघ संस्थापक दादा चंद्रिका सिंह के निर्देश पर इस साल 17 फरवरी को बजट पेश होने के पहले प्रदेश के 28 जिलों में ध्यानाकर्षण कार्यक्रम के तहत लिपिकों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया था। 
 
       रोहित तिवारी ने बताया कि लिपिकों ने विधानसभा सत्र के समय लगातार पोस्टकार्ड अभियान भी चलाया। अभियान के माध्यम से लिपिकों ने  वेतनमान सुधार का निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई के निर्देश सचिवालय को दिया। मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव केके गौतम ने कलेक्टर बिलासपुर से घोषणा से संबंधित जानकारी को तलब किया।
 
                 कलेक्टर बिलासपुर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को परीक्षण कर जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने लिपिक वेतनमान सुधार की घोषणा से संबंधित सभी जानकारी और दस्तावेज के साथ मुख्यमंत्री के भाषण की सीडी समाचार पत्रों की कटिंग जिला प्रशासन को सौंपा। जिला प्रशासन ने अवलोकन एवं सूक्ष्म निरीक्षण कर जानकारी मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजा है।
     
           रोहित जानकारी दी कि त्रिवेणी भवन में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लिपिकों को ्पने संबोधन में कहा था कि यह सरकार आप की सरकार है आप के अनुरूप काम होगा। निश्चित मान के चलिए कि आप लोगों की जो भी मांगे हैं..अवश्य पूरी की जाएगी।  कलेक्टर बिलासपुर ने  घोषणा की पुष्टि करते हुए जानकारी सचिवालय को भेज दिया है। इससे प्रदेश के लिपिकों में वेतनमान सुधार की उम्मीदें जग गयी हैं। संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी जिला अध्यक्ष सुनील यादव प्रांतीय महामंत्री हेमंत बघेल प्रांतीय सचिव वर्षा रानी चरण प्रांतीय प्रचार सचिव अशोक मेहता जिला सचिव प्रदीप शर्मा कार्यकारी जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश कश्यप आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद जाहिर किया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now
TAGGED:
close