बिलासपुर। बिलासपुर संभाग में राजस्व संबंधित मामलों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु राजस्व समाधान अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन 23 जनवरी से 05 फरवरी 2016 तक किया जायेगा।संभागायुक्त के निर्देश पर बिलासपुर संभाग में प्रथम चरण का राजस्व समाधान अभियान 25 मई से 25 जून 2015 तक आयोजित किया गया था। इस दौरान राजस्व संबंधी मामलों एवं समस्याओं का निपटारा एवं राजस्व विवाद मुक्त, समस्यामुक्त ग्राम बनाने की दिशा में कार्यवाही की गई। द्वितीय चरण के अभियान का शुभारंभ 23 जनवरी 2016 को किया जायेगा। गत् अभियान के दौरान जिन बिन्दुओं पर कार्यवाही अपेक्षित है, उन्हें इस अभियान में पूर्ण किया जाना है। साथ ही जिनमें कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है उसका पालन प्रतिवेदन भी संभागायुक्त को भेजने का निर्देश दिया गया है।
राजस्व समाधान अभियान 2016 के दौरान कलेक्टर, अपर कलेक्टर एवं संयुक्त कलेक्टर अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में कम से कम 15-15 पटवारी हल्कों का भौगोलिक दृष्टि से जनसमुदाय की अपेक्षाओं के अनुरूप रेण्डम चयन कर स्वयं निरीक्षण करेंगे एवं जानकारी लेंगे। इसी तरह अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों के समस्त पटवारी हल्कों का निरीक्षण कर जानकारी लेंगे। कलेक्टर एवं राजस्व न्यायालय के सभी पीठासीन अधिकारी अपने अधीनस्थ न्यायालयों का निरीक्षण भी करेंगे। इन अधिकारियों को अभियान के दौरान की जाने वाली कार्यवाही तथा किये जा रहे भ्रमण की जानकारी 20 जनवरी 2016 तक संभागायुक्त के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।