बिलासपुर— प्रदेश में एक दिसम्बर से धान खरीदी का काम शुरू हो गया है। अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं की टीम बुधवार को धान खरीदी के पहले दिन का जायजा लेने मस्तुरी और सीपत क्षेत्र के कुछ धान खरीदी केंद्र पहुचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ जोंधरा धान खरीदी केंद्र का डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी ने जायजा लिया।
बिलासपुर समेत पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री के घोषणानुसार 1 दिसम्बर से धान खरीदी का दौर शुरू हो गया है। किसान धान लेकर धान खरीदी केंद्र में पहुंचने लगे हैं। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो…इस बात को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर शासन प्रशासन की प्रत्येक धान खरीदी केन्द्रों में पैनी नजर है।
बिलासपुर जिले में धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशों का पान किस तरह किया जा रहा है। इस बात का पता लगाने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अर्जुन तिवारी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने आज विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का भ्रमण किया।
बैजनाथ चन्द्राकर की अगुवाई में मंगलवार को धान खरीदी के पहले दिन कांग्रेस नेता रतनपुर क्षेत्र के चपोरा (खैरा) स्थित केन्द्र पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों की शिकायत को नेताओं ने गंभीरता से लिया। नेताओं के निर्देश पर अधिकारियों की टीम चपोरा पहुंची। टीम ने किसानों से धान तौलाई और बोरा पलटी करने के नाम पर अवैध वसूली के मामले की जांच करने का निर्णय लिया ।
बुधवार को बैजनाथ चंद्राकर अर्जुन तिवारी और विजय केशरवानी समेत कांग्रेसी नेताओं की टीम मस्तूरी क्षेत्र के अनेक धान खरीदी केंद्रों में पहुंची। अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर की अगुवाई में टीम सीपत ब्लाक के ग्राम पंचायत धनिया , मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम लोहर्सी जयरामनगर , पचपेड़ी और जोन्धरा धान खरीदी केंद्र पहुंची। धान खरीदी कार्य का टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया। जोंधरा में निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक डा कृष्णमूर्ति बांधी भी मौजूद रहे।