वार्ड संगी..मोहल्ला में पुलिस की खुफिया टीम.. हिस्ट्रीशीटर पर टीम की रहेगी नजर…बदमाशों पर निगरानी..पुलिस कप्तान ने किया ईनाम का एलान

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
 
बिलासपुर—पुलिस कप्तान दीपक कुमार झा ने बिलासागुडी में पुलिस के आलाधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष दिशा निर्देश दिया है। पुलिस कप्तान ने कम्यूनिटी और बेहतर पुलिसिंग को लेकर विस्तार से बातचीत करने साथ ही ” वार्ड संगी ” की नयी पहल पर चर्चा की है। सभी वार्ड संगियों को पुलिस अधीक्षक ने बेहतर काम के लिए इनाम का भी एलान किया है।
 
            बिलासपुर जिले में कम्यूनिटी और बेहतर पुलिसिंग को लेकर पुलिस प्रशासन ने शहर के सभी वार्डों  में वार्ड संगियों की नियुक्ति किया है। पुलिस कप्तान दीपक कुमार झा ने 27 अक्टूबर को बिलासागुड़ी में शहर के सभी वार्ड संगियों के साथ संयुक्त बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिया है। बैठक में जिले के  सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ शहर के सभी थाना प्रभारी और सभी वार्ड में नियुक्त वार्ड संगियों ने शिरकत किया।
 
            बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी वार्डों में नियुक्त वार्ड संगियों से अलग-अलग विस्तृत रूप से सभी पहलुओं पर चर्चा को अंजाम दिया। सभी वार्ड संगियों ने अपने अपने वार्ड का नक्शा बनाकर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया। कॉलोनी में सुरक्षा की नजर से सीसीटीवी कैमरे की जानकारी देने के साथ ही वार्डों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्तियों के बारे में भी बताया। वार्ड में रहने वाले रिटायर्ड व्यक्तियों और कालोनियों की समस्याओं को पुलिस कप्तान के सामने रखा। वार्ड में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर, निगरानी,गुंडा,माफी बदमाशों के संबंध में बातचीत की।
 
            इस दौरान पुलिस कप्तान ने  प्रत्येक वार्ड के कॉलोनियों में  रहने वाले किराएदारों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। क्षेत्र में होने वाली किसी भी प्रकार की संदिग्ध और अवैधानिक गतिविधियों की सूचना तत्काल सम्बंधित थाना प्रभारी को दिए जाने का निर्देश दिया। वार्ड संगी की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करने पर पुलिस अधीक्षक ने उत्साहवर्धन के लिए इनाम का एलान किया।
 
                 मीटिंग में पुलिस कप्तान ने  दौरान वार्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्ड संगियों को प्रशंसा और नगद रिवार्ड देकर उत्साहवर्धन किया। लापरवाही बरतने पर कार्यवाही की चेतावनी भी दी।  पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी वार्ड संगियों को अपने वार्ड का व्हाट्सअप ग्रुप बनाकर अधिक से अधिक व्यक्तियों को जोड़ने को कहा। जिससे सूचना का आदान प्रदान सुचारु रूप से हो सके। वार्ड संगियों को अपने क्षेत्र में सतत निगाह रखने और निरंतर पेट्रोलिंग करने को भी कहा। साथ ही प्रत्येक माह के पाक्षिक में वार्ड संगियों को अपने अपने वार्ड में वार्ड पार्षदों, वरिष्ठ नागरिकों, कालोनियों के पदाधिकारिगण और अन्य नागरिकों की मीटिंग निर्धारित कर क्षेत्र के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा करने को बताया। 
 
         दीपक कुमार झा ने कहा कि वार्ड संगी कार्यक्रम की समीक्षा हर 15 दिन में की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वार्ड संगी के माध्यम से किसी भी सूचना का आदान प्रदान सरल करना है। जिससे अपराध तथा अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
close