बिलासपुर– आज संस्कारधानी ने हिन्दू नववर्ष नहीं बल्कि हिन्दुस्तान नववर्ष मनाया। सभी धर्मों ने हिन्दू नववर्ष रैली का ऐसा स्वागत किया..इसे आने वाले एक दशक तक याद किया जाएगा। जाति धर्म की खाई को आज हिन्दू नव वर्ष,चेट्रीचंट और उगाधी पर्व ने मिटा दिया। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन जहां भक्तों ने मंदिर में पूजा अर्चना कर माता शैलपुत्री से देश के लिए अमन शांति की दुआ मांगी। तो वहीं मुस्लिम भाइयों ने भगवान राम के रथ को तहे दिल से स्वागत किया। एक पल के लिए ऐसा लगा कि धर्म जाति पांति की दीवार हमेशा-हमेशा के लिए टूट गयी है। मुसलमानों ने हिन्दू नववर्ष रैली में भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा भक्ति को अर्पित किया। माता रानी के भक्तों का पलक पांवड़े स्वागत भी किया।
आज जब पुलिस लाइन मैदान से शहर भ्रमण के लिए भगवा झण्डे के साथ हिन्दू नववर्ष की रैली निकली तो किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि इस मंजर को लंबे समय तक याद किया जाएगा। रैली का आज से पहले इतना कभी स्वागत नहीं किया गया । जितना इस बार हुआ। पुलिस लाइन से निकलते ही रैली का स्वागत चीका वाजपेयी ने अग्रसेन चौक पर अपने साथियों के साथ किया। भगवान राम को माल्यार्पण कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
रैली में डॉ.सीवी रमन् विश्वविद्यालय के कुल सचिव शैलेन्द्र पाण्डेय ने भी शिरकत किया। उन्होने सीजी वाल को बताया कि आज हम हिन्दुस्तान नववर्ष की रैली में हैं। रैली में साथ चलने वालों के नाम जुदा-जुदा हो सकते हैं…लेकिन उनके विचार,भावनाएं और उद्देश्य एक ही हैं। पाण्डेय ने बताया कि मीडिया देख रहा है कि रैली का स्वागत कोई किसी एक धर्म विशेष के बल्कि विभिन्न धर्मों के लोग कर रहे हैं। रैली की सफलता…लोगों के उत्साह से जाहिर हो रहा है। राम के आदर्श सभी धर्मों में मान्य हैं। मानवता और उत्साह का कोई धर्म नहीं होता है। पाण्डेय ने कहा कि मुझे ना केवल अपने धर्म बल्कि अपने देश के प्रत्येक व्यक्ति और उसकी विचारधारा से प्यार है। मुझे लगता है कि मेरी इन बातों से सभी धर्मों के लोग इत्तफाक रखते होंगे।
रैली में आज कोई कांग्रेसी नहीं दिखा। कोई भाजपा नेता भी नजर नही आया। यदि कुछ दिखा तो हिन्दुस्तान का चिरपरिचित चेहरा। सभी धर्मों के लोगों ने रैली स्वागत के बाद जड़ भावनाओं से हटकर एक दूसरे से गले मिलकर बधाई दी। जैसे जैसे रैली आगे बढ़ी…सभी धर्मों के लोगों ने भगवान राम के आदर्शों को सिर माथे पर लिया। लोगों ने एक ही बात को दुहराया कि महापुरूषों ने पर्व के बहाने हमें एक दूसरे को गले मिलने अवसर दिया है ना कि गला काटने के लिए।
आज शहर ने हिन्दू नव वर्ष के साथ ही नवरात्रि पर्व,चेट्रीचन्ट ,उगाधी पर्व भी मनाया। पर्व पर जगह-जगह उत्सव का माहौल देखने को मिला। सीएमडी चौक पर हिन्दू नववर्ष रैली का स्वागत मुस्लिम भाइयों ने किया। उन्होने ना केवल भक्तों का माला फूल से स्वागत किया बल्कि रास्ते के कांटो को भी साफ किया। इस मौके पर बीडीए के पूर्व अध्यक्ष शेख गफ्फार,कांग्रेस नेता बबला खाना,रविन्द्र सिंह,जीतू,महेन्द्र गंगोत्री समेत कई मुस्लिम भाइयों ने ने रैली का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वागत के दौरान सभी ने भारतीय बहुरंगी संस्कृत पर गर्व किया। मुसलमान भाइयों ने भगवान राम को माल्यार्पण कर संत समाज से आशीर्वाद लिया। रैली में महापौर से लेकर शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। जिसने भी रैली का स्वागत वह अंत तक रैली का हिस्सा बना।
हिन्दुनववर्ष और चेट्रीचन्ट आस्था रैली तारबाहर चौक से भी गुजरी। चौक पर रैली के स्वागत में गंगा जमुनवी सभ्यता का अद्भुत मिशाल देखने को मिला। हिन्दू भाइयों के साथ साथ साथ मुस्लिम भाइयों ने दिल खोलकर भक्तों का इस्तकबाल किया। राम और माता रानी का अभिनंदन किया। रैली गांधी चौक के रास्ते ज्वाली नाला पुल के पास पहुंची। कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव,नरेन्द्र बोलर,राजेन्द्र शुक्ला,महेश दुबे ने जोशिला स्वागत किया। सभी ने अपने सहयोगियों के साथ कौमी एकता के नारे लगाए। भगवान राम और शक्ति की देवी से देश में अमन चैन के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान बिलासपुर शहर भगवा रंग में डूबा नजर आया। अटल श्रीवास्तव,नरेन्द्र,अभय और राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि हिन्दुस्तान साझा संस्कृति का प्रतीक है। यहां सभी धर्मों के पर्व को लोग मिलजुलकर मनाते हैं। एक दूसरे के विचारों का ना केवल सम्मान करते हैं। बल्कि उत्सव का आनंद भी उठाते हैं।
हिन्दूनववर्ष रैली और चेट्रीचंट शोभायात्रा का कोतवाली चौक पर प्रदेश निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने स्वागत किया। उन्होंने मर्यादा भगवान राम को नमन् किया। माता रानी से प्रदेश में अमन चैन की दुआ मांगी। संतो से भी आशीर्वाद लिया। भक्तों की भावनाओं को सिर माथे पर चढ़ाया। अमर ने कहा कि बिलासपुर विविधताओं वाला एकता का अनूठा शहर है। मुझे अपने शहर पर नाज है। हमारी साझा संस्कृति में सुक के साथ दुख भी शामिल हैं। हमारे अलग अलग हो सकते हैं लेकिन उद्देश्य एक है। अमर अग्रवाल ने इस मौके पर सिन्धी समाज,हिन्दू भाइयों के अलावा बिलासपुर के सभी नागरिकों को उत्सव की शुभकामनाएं दी।
रैली और शोभायात्रा के बाद अमर अग्रवाल भगवान राम की महाआरती में शामिल हुए। तिलकनगर स्थिर राम मंदिर में महाआरती के बाद मंत्री ने साधु समाज से आशीर्वाद लिया। उन्होने उपस्थित लोगों को नवरात्रि पर्व की बधाई दी। इस मौके पर महापौर किशोर राय,जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक साहू,चीका वाजपेयी,अटल श्रीवास्तव समेत शहर के गणमान्य और भारी संख्या में भक्त उपस्थित थे।