फिर उठी रेलवे कोच फैक्ट्री बनाने की मांंग…सदन में सांसद ने कहा….न्यायधानी को बनाया जाए वर्ल्ड क्लास स्टेशन

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
 बिलासपुर—- सांसद अरूण साव ने लोकसभा में रेल मंत्रालय के अनुदान मांगों की चर्चा में भाग लिया। इस दौरान उन्होने बिलासपुर क्षेत्र की समस्याओं को ना केवल प्रमुखता से उठाया बल्कि रेल मंत्रालय के सामने क्षेत्र के विकास को लेकर कई मांगों को पेश भी किया।
                                        सांसद अरूण साव ने शुक्रवार को लोकसभा सदन में रेल मंत्रालय के अनुदान मांगों की चर्चा में भाग लिया। इस दौरान उन्होने लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता के साथ रखा। सांसद साव ने क्षेत्र की समस्याओं अवगत कराते कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे देश का सबसे अधिक राजस्व देने वाला जोन है। बावजूद इसके जोन के विकास को लेकर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उपेक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। जोन को अपेक्षित लाभ नही मिलने से लोगों की नाराजगी दिनों दिन बढ़ती जा रही है…।
चर्चा के दौरान सांसद साव ने कहा कि बिलासपुर में रेलवे भर्ती मंडल तो खोला गया…लेकिन काम की गति बहुत धीमी है। जिसके चलते स्थानीय स्थानीय बेरोजगार युवकों को तेजी से लाभ नही मिल पा रहा है।  साव ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने मुंगेली, कवर्धा को अब तक रेल लाईन की सुविधाओं से वंचित रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने कटघोरा, मुंगेली, कवर्धा, डोंगरगढ़ रेल्वे लाईन को मजूरी दी है। लेकिन काम की गति धीमी है उसे तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है।
       सदन को साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अभी तक रेल्वे ट्रिब्यूनल की स्थापना नही हुई है। लोगों को अभी भी भोपाल का चक्कर काटना पड़ता है। जरूरी है कि बिलासपुर में जल्द से जल्द रेलवे ट्रिब्यूनल की स्थापना की जाए। बिलासपुर प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है। छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी है दोनों शहरों के स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की कोशिश हो।
           साव ने अपनी बातों को रखते हुए कहा कि स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए बिलासपुर में वैगन कोच फैक्ट्री स्थापित करने की जरूरत है।  पूर्व में रेल मंत्रालय ने बिलासपुर में मेडिकल कॉलेज स्थापना करने की बात कही थी। लेकिन अभी तक इस दिशा में कार्य प्रारंभ नही हुआ है। साव ने मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग रखी। वर्तमान में रेल्वे हास्पिटल अनेक सुविधाओं से वंचित है। सुविधाए बढ़ाए जाने की जरूरत है।
 साव ने बताया कि बिलासपुर में हॉकी इंटरनेशल स्टेडियम के लिए राशि स्वीकृति हुई थी । लेकिन राशि वापस ले ली गई है। राशि को लौटाया जाए.. स्टेडियम का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उस्लापुर रेलवे स्टेशन में कई गाड़ियों का परिचालन होता है। लेकिन यात्री सुविधाओं का आभाव है। इसी तरह करगीरोड, कोटा, बेलगहना, पेण्ड्रारोड, जयरामनगर स्टेशन में भी यात्री सुविधाओं का आभाव है। इस दिशा में ध्यान देने की आवश्यकता है।
close