बिलासपुर—संयुक्त शिक्षाकर्मी संघ ने नेहरू चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। शिक्षाकर्मियों ने रैली निकालकर शासन और प्रशासन पर दबाव बनाते हुए शिक्षक पंचायत नगर निगम संवर्ग को शिक्षा विभाग के मूल पदों में संविलयन करने की मांग की है।
आज दोपहर संयुक्त शिक्षाकर्मी संघ ने नेहरू चौक पर धरना प्रदर्शन किया। संयुक्त शिक्षाकर्मी संघ को कर्मचारी संघ ने धरना स्थल पहुंचकर शिक्षकों की 19 सूत्रीय मांगों का समर्थन किया है। संयुक्त शिक्षाकर्मी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने संस्था प्रमुख प्राचार्य के रिक्त पदों पर शिक्षक संवर्ग को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति करने की घोषणा की है। बावजूद इसके अभी तक पदोन्नति नीति को जारी नहीं किया गया है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार सात साल की सेवा पूरी कर चुके शिक्षक संवर्ग को सुपरन्यूनेरी पद का वेतनमान दिया जाए। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार सभी शिक्षक संवर्ग को माह के प्रथम सप्ताह में ही वेतन भुगतान वेतनहेड से हो। डीएड, बीएड और एमएड की सुविधाओं का विस्तार हो और प्रशिक्षण के लिए पांच साल का समय फिर से दिया जाए।
संघ ने दोपहर को नेहरू चौक से रैली निकालकर कलेक्टर अनबलगन पी को मुख्यमंत्री डा रमन सिंह के नाम पत्र दिया। मांग पूरा नहीं होने पर आंदोलन करने की बात भी कही। इस मौके पर संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष नरेन्द्र पाठक, बसंत जायसवाल, अशोक महादेवा, रोहित खूंटे. भरत यादव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।